शिमला। लंबे समय से चल रही राजनीतिक अटकलों और उठापटक के बाद अब हिमाचल कांग्रेस में बड़े बदलाव की घड़ी करीब आती दिख रही है। मंत्रिमंडल विस्तार से लेकर विधानसभा उपाध्यक्ष की नियुक्ति तक कई अहम फैसलों पर जल्द मुहर लग सकती है। 

भरे जाएंगे खाली पड़े पद

16 और 17 अगस्त को कसौली में प्रस्तावित पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की दो दिवसीय बैठक राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम मानी जा रही है। इस बैठक में सरकार और संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों पर चर्चा होगी। सबसे ज्यादा नजर लंबे समय से खाली पड़े मंत्री पद और विधानसभा उपाध्यक्ष के पद पर होने वाली नियुक्तियों पर रहेगी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के अस्पतालों में अब लोकेशन ट्रैक कर लगेगी डॉक्टरों की हाजिरी, गायब हुए तो होगा एक्शन

सुंदर ठाकुर की ताजपोशी के संकेत

सूत्रों के अनुसार, प्रदेश मंत्रिमंडल में लंबे समय से रिक्त चल रहे मंत्री पद के लिए कुल्लू से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर का नाम सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। पार्टी के भीतर क्षेत्रीय और राजनीतिक संतुलन को देखते हुए उनके नाम पर लगभग सहमति बनने की चर्चा है।

आशीष बुटेल विधानसभा उपाध्यक्ष की दौड़ में आगे

वहीं विधानसभा उपाध्यक्ष का पद भी काफी समय से खाली है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद विनय कुमार के इस पद से हटने के बाद से यह जिम्मेदारी किसी को नहीं सौंपी गई। अब पालमपुर से विधायक आशीष बुटेल का नाम इस पद के लिए सबसे आगे बताया जा रहा है। संभावना है कि मानसून सत्र शुरू होने से पहले या सत्र के दौरान इस पद पर भी नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

यह भी पढ़ें : मानसून सत्र से पहले हिमाचल BJP का बड़ा प्लान: आज बनेगी सुक्खू सरकार को घेरने की रणनीति

कसौली बैठक पर टिकी निगाहें

कसौली में होने वाली PAC बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सह प्रभारी चेतन चौहान, विदित चौधरी, मंत्रिमंडल के सदस्य और प्रदेश कांग्रेस संगठन के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

 

बैठक के दौरान संगठन के कामकाज की समीक्षा के साथ-साथ सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय को लेकर भी मंथन होगा। माना जा रहा है कि शीर्ष नेतृत्व की सहमति के बाद मंत्री पद और विधानसभा उपाध्यक्ष के नाम पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें