शिमला। हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार में कैबिनेट विस्तार, मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा और विधानसभा उपाध्यक्ष के खाली पद को लेकर आज दिल्ली में अहम सियासी बैठक होने जा रही है। CM सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार बुधवार शाम दिल्ली पहुंच चुके हैं।
आज दिल्ली में अहम बैठक
तीनों नेताओं की कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ बैठक प्रस्तावित है। इस मुलाकात को प्रदेश की आगामी सियासी और संगठनात्मक नियुक्तियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें : पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने पर फूटा सांसद अनुराग का गुस्सा, बोले- ‘खटाखट मॉडल अब खटारा हो गया’
CM सुक्खू, अग्निहोत्री पहुंचे दिल्ली
दिल्ली में होने वाली बैठक में हिमाचल सरकार के मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा के साथ-साथ कैबिनेट में खाली पड़े पद को भरने, विधानसभा उपाध्यक्ष की नियुक्ति और मंत्रियों के विभागों में संभावित फेरबदल पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा कांग्रेस संगठन में लंबित नियुक्तियों को लेकर भी पार्टी हाईकमान के साथ विचार-विमर्श किया जा सकता है।
कैबिनेट में एक पद खाली
हिमाचल प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री का एक पद फिलहाल खाली है। इसके अलावा विधानसभा में उपाध्यक्ष का पद भी करीब 10 महीने से रिक्त है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनने से पहले विनय कुमार ने विधानसभा उपाध्यक्ष के पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद से इस पद पर किसी की नियुक्ति नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें : BJP MLA सुधीर शर्मा की बढ़ी टेंशन : 70 लाख के शेयर, लाखों की जमीन का विजिलेंस ने मांगा हिसाब
विधानसभा उपाध्यक्ष भी लंबे समय से नहीं
21 अगस्त से हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होने जा रहा है। ऐसे में सत्र से पहले सरकार और संगठन में खाली पदों को भरने की कवायद तेज हो गई है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि मानसून सत्र से पहले कैबिनेट में विस्तार के साथ विधानसभा उपाध्यक्ष के पद पर भी नियुक्ति की जा सकती है।
सुंदर सिंह ठाकुर के नाम पर लगभग सहमति
कैबिनेट में खाली पड़े एक पद के लिए कुल्लू सदर से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर का नाम लंबे समय से चर्चा में है। पार्टी स्तर पर उनके नाम को लेकर सहमति बनने की बात कही जा रही है और हाईकमान की मंजूरी मिलने की भी चर्चा है।
ऐसे में माना जा रहा है कि कैबिनेट विस्तार होने की स्थिति में सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री पद मिल सकता है। हालांकि दिल्ली की बैठक के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ होगी कि कैबिनेट विस्तार किस फार्मूले के तहत किया जाएगा और क्या मौजूदा मंत्रियों में भी कोई बदलाव होगा।
यह भी पढ़ें : गिरफ्तारी देने थाने पहुंचे पूर्व MLA, सैंकड़ों कार्यकर्ता भी साथ- हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा
दो मंत्रियों को हटाने की चर्चा से बढ़ी सियासी हलचल
सबसे ज्यादा चर्चा कैबिनेट में संभावित फेरबदल को लेकर है। पार्टी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कैबिनेट में नए चेहरों को मौका देने के लिए कुछ मौजूदा मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा कराना चाहते हैं।
नए चेहरे शामिल होने की संभावना
इसी कड़ी में उम्रदराज दो मंत्रियों को कैबिनेट से हटाकर उनकी जगह नए चेहरों को शामिल करने की संभावना पर भी चर्चा है। हालांकि मंत्रियों को हटाने का अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान के स्तर पर ही होगा। इसलिए दिल्ली में होने वाली बैठक को इस पूरे मामले में निर्णायक माना जा रहा है। बैठक में मंत्रियों की कार्यशैली, विभागों के प्रदर्शन और सरकार के कामकाज में उनकी भूमिका जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में ढहा दो मंजिला मकान, मां समेत गर्भवती बेटी ने गंवाई जा..न, 2 साल के बच्चे....
मंत्री पद के लिए इन नामों पर नजर
अगर कैबिनेट में किसी मौजूदा मंत्री की छुट्टी होती है तो नए चेहरों को मौका दिए जाने की स्थिति में ज्वालाजी से विधायक संजय रत्न, पालमपुर से विधायक आशीष बुटेल और अर्की से विधायक संजय अवस्थी के नाम चर्चा में हैं।
किया जा सकता है कैबिनट विस्तार
वहीं, अगर मौजूदा मंत्रियों को हटाए बिना कैबिनेट विस्तार किया जाता है, तो इन नेताओं में से किसी एक को विधानसभा उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना पर भी विचार हो सकता है। ऐसे में दिल्ली की बैठक के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि सरकार कैबिनेट विस्तार को किस तरह आगे बढ़ाती है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : शराब में धुत कांग्रेस नेता ने लांघी सीमा- गांव में महिलाओं से की नीचता, हुई छित्तर-परेड
मंत्रियों के विभाग भी बदल सकते हैं
सिर्फ नए मंत्री को शामिल करने तक ही यह कवायद सीमित रहने की संभावना नहीं है। सरकार में मंत्रियों के विभागों में फेरबदल को लेकर भी चर्चा हो सकती है। मुख्यमंत्री लंबे समय से मंत्रियों के विभागों की कार्यप्रणाली और सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप जिम्मेदारियों में बदलाव कर सकते हैं।
मंत्रियों को नई जिम्मेदारियां
अगर हाईकमान की मंजूरी मिलती है तो 15 अगस्त के बाद कभी भी कैबिनेट विस्तार, मंत्रियों की नई जिम्मेदारियों और विभागों में फेरबदल की घोषणा की जा सकती है। हालांकि अंतिम फैसला कांग्रेस नेतृत्व के साथ होने वाली चर्चा और मुख्यमंत्री की सिफारिश पर निर्भर करेगा।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : खेलते-खेलते नाले में गिरा 12 वर्षीय किशोर, तेज बहाव में बहा- कई घंटे बाद मिली देह
नई नियुक्तियों को लेकर चर्चा
दिल्ली की बैठक में सरकार से जुड़े मुद्दों के अलावा कांग्रेस संगठन में नई नियुक्तियों को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार संगठन में विभिन्न पदों पर लंबित नियुक्तियों को लेकर हाईकमान के सामने अपना पक्ष रख सकते हैं।
पहले भी दिल्ली गए थे विनय कुमार
विनय कुमार इससे पहले भी दिल्ली गए थे। वह सोमवार को दिल्ली पहुंचे थे, लेकिन संसद सत्र के चलते उनकी केसी वेणुगोपाल के साथ प्रस्तावित मुलाकात नहीं हो सकी थी। अब मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के साथ उनकी मौजूदगी में होने वाली बैठक को संगठन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : छुट्टी पर घर आए 29 वर्षीय फौजी की मौ**त, खेत में मिली देह- सदमे में परिवार
21 अगस्त से शुरू होगा मानसून सत्र
हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त से शुरू होना है। ऐसे में सरकार के पास कैबिनेट विस्तार और विधानसभा उपाध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर फैसला लेने के लिए सीमित समय है। यही वजह है कि दिल्ली में होने वाली बैठक पर प्रदेश की सियासत की नजरें टिकी हुई हैं।
