मंडी। हिमाचल के हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर आज अपने एक दिवसीय दौरे पर मंडी पहुंचे थे। जहां उन्होंने राजनीतिक घटनाक्रम, राष्ट्रीय सुरक्षा और आईपीएल क्रिकेट को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। मंडी के पड्डल मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अनुराग ठाकुर का अलग ही अंदाज देखने को मिला। कभी वह विपक्ष पर तीखे हमले करते नजर आए तो कभी क्रिकेट का बल्ला उठाकर मैदान में चौके-छक्के लगाते दिखे।
बंगाल की राजनीति पर साधा निशाना
मीडिया से बातचीत के दौरान अनुराग ठाकुर ने पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक बंगाल की जनता भय और हिंसा के माहौल में जीती रही, लेकिन अब लोग बदलाव चाहते हैं। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीति में डर और अपराध की संस्कृति ज्यादा समय तक नहीं चल सकती। अब कानून व्यवस्था और विकास की राजनीति को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। अनुराग ठाकुर ने कहा कि बंगाल में लोगों के बीच भ्रम और भय का माहौल बनाया गया, लेकिन जनता अब सच को समझ चुकी है और विकास चाहती है।
यह भी पढ़ें : 10TH Result: मां-बाप का छूटा साथ, फिर भी नहीं हारी राघवी; 690 अंक लेकर मेरिट में पाया स्थान
ऑपरेशन सिंदूर पर विपक्ष को घेरा
अनुराग सिंह ठाकुर ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए भारतीय सेनाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने हमेशा दुनिया को अपनी ताकत और क्षमता का एहसास कराया है। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दों पर राजनीतिक बयानबाजी से बचना चाहिए। सेना के मनोबल को कमजोर करने वाले बयान देशहित में नहीं माने जा सकते। उन्होंने कहा कि भारत की सेनाएं देश की सुरक्षा के लिए पूरी मजबूती और रणनीति के साथ काम कर रही हैं और देशवासियों को अपनी सेना पर गर्व है।
यह भी पढ़ें : 10TH Resullt: सरकारी स्कूल की पुर्णिमा के 6 विषयों में शत प्रतिशत नंबर, 698 अंक लेकर पाया दूसरा स्थान
पड्डल मैदान में दिखा क्रिकेट प्रेम
राजनीतिक चर्चा के बीच मंडी के पड्डल मैदान में अनुराग ठाकुर का क्रिकेट प्रेम भी देखने को मिला। उन्होंने बल्ला हाथ में लेकर मैदान में शॉट लगाए और खिलाड़ियों के साथ समय बिताया। इस दौरान उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग IPL से जुड़े फैन पार्क का निरीक्षण भी किया। आयोजन स्थल पर मौजूद युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला।
आईपीएल ने युवाओं को दिया बड़ा मंच
अनुराग ठाकुर ने कहा कि आईपीएल आज देश के युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा प्लेटफॉर्म बन चुका है। छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ी भी अब अपनी प्रतिभा दिखाकर सीधे राष्ट्रीय टीम तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि आईपीएल ने क्रिकेट को केवल महानगरों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि गांव-गांव तक पहुंचाया है। फैन पार्क जैसे आयोजन युवाओं को खेलों से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। साथ ही उन्होंने स्थानीय भाषाओं में कमेंट्री की पहल को भी सराहा और कहा कि इससे खेल आम लोगों के और करीब पहुंचा है।
यह भी पढ़ें : 10TH RESULT : सरकारी स्कूल की रूहानी बनी हिमाचल की टॉपर, 700 में से झटके 698 अंक
मंडी दौरे के दौरान समर्थकों में दिखा उत्साह
मंडी में अनुराग ठाकुर के दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और कई युवाओं ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। राजनीति, राष्ट्रवाद और क्रिकेट—तीनों विषयों को लेकर अनुराग ठाकुर का यह दौरा चर्चा का केंद्र बना रहा।
