शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज अपने कार्यकाल का चौथा बजट पेश किया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज लगभग 4 घंटे 16 मिनट बजट भाषण पढ़ा। सीएम सुक्खू ने 2026-27 के लिए 54,928 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। जो कि बीते वित्त वर्ष की तुलना में 3586 करोड़ रुपए कम है।

 

सीएम सुक्खू ने वर्तमान वित्तीय स्थिति को ध्यान में रखते हुए बड़ा और संतुलित निर्णय लिया है। सीएम सुक्खू ने एक तरफ कई कर्मचारियों को राहत देते हुए उनके वेतन में बढ़ोतरी की, वहीं जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक के वेतन को छह माह के लिए डेफर किया गया। यानी इनके वेतन में छह माह तक की कटौती का फैसला लिया गया। सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति ठीक होने पर सभी को उनका काटा गया वेतन वापस मिल जाएगा। इसके अलावा सीएम सुक्खू ने अपने बजट में नौकरियों का भी पिटारा खोल दिया। इस बार का बजट युवाओं के लिए राहत भरा माना जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग में बंपर भर्ती

सीएम सुक्खू ने अपने बजट भाषण में हजारों पदों को भरने का भी ऐलान किया। सबसे अधिक प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग में भर्ती की जाएगी। सीएम सुक्खू की घोषणा के अनुसार चिकित्सकों के 300 पद ट्रेनी रिजर्व के रूप में सृजित कर भरे जाएंगे। इसके अलावा चिकित्सा अधिकारियों के 64 पद, स्टाफ नर्सों के 900 पद, 150 सहायक स्टाफ नर्सों के पद, 154 पैरामेडिकल स्टाफ के पद, 20 रेडियोग्राफर, 40 फार्मेसी अधिकारी और अन्य तकनीकी पदों पर नियुक्तियां करेगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल बजट : CM सुक्खू ने बढ़ाया इनका वेतन; इस विभाग में 1700 से अधिक पदों पर भर्ती की घोषणा

पुलिस विभाग में भर्ती

सीएम सुक्खू ने अपने बजट भाषण में पुलिस विभाग में भी एक हजार से अधिक पदों पर भर्ती का ऐलान किया। सीएम सुक्खू ने कहा कि चिट्टे से निपटने के लिए सरकार 1,000 अतिरिक्त पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती करेगी। एसपीओ को अन्य क्षेत्रों में भी तैनात किया जाएगा। कांस्टेबलों को हेड कांस्टेबल पद पर पदोन्नत किया जाएगा। 50 महिला सब इंस्पेक्टरों की सीधी भर्ती की जाएगी। एक हजार अन्य पद भी चरणबद्ध तरीके से भरे जाएंगे। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल बजट: मंत्रियों-विधायकों-अफसरशाही का कटेगा वेतन! विधायक निधि कर दी आधी

पटवारियों के 645 पदों पर भर्ती

सीएम सुक्खू ने राजस्व विभाग में भी बड़ी भर्ती का ऐलान किया। सीएम सुक्खू ने कहा कि अगले वित्तीय वर्ष से राजस्व रिकॉर्ड का डिजिटलाइजेशन होगा। पटवारियों के 645 पद चरणबद्ध तरीके से भरे जाएंगे। इसके लिए राज्य चयन आयोग की ओर से आवेदन मांगे जाएंगे। सीएम ने घोषणा की कि महिला के नाम पर 80 लाख से 1 करोड़ तक संपत्ति खरीदी तो स्टांप ड्यूटी 4 फीसदी लगेगी।

पंचायत सचिवों के लिए 150 पद भरेंगे

सीएम ने कहा कि पंचायत सचिवों के लिए 150 पद भरे जाएंगे। पंचायत चौकीदारों के पद भी चरणबद्ध तरीके से भरे जाएंगे। प्रदेश में नई बनी पंचायतों में इन चौकीदारों को नियुक्ति दी जाएगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल ने खो दिया वीर जवान: छुट्टी लेकर घर आया था फौजी, सैन्य सम्मान से होगा अंतिम संस्कार

जेई के 169, असिस्टेंट प्रोफ़ेसर के 389 पदों पर होगी भर्ती

सीएम ने अपने बजट भाषण में लोक निर्माण विभाग में 169 कनिष्ठ अभियंताओं के पदों पर भर्ती का ऐलान किया। इसी तरह से प्रदेश के कॉलेजों में 389 असिस्टेंट प्रोफ़ेसर के पद भरे जाएंगे। हमीरपुर में प्रदेश का पहला साइंस कॉलेज स्थापित किया जाएगा। साथ ही प्रदेश के कई कॉलेजों को स्पोर्ट्स की दृष्टि से विकसित किया जाएगा।

70 हजार कर्मचारियों का बढ़ाया मानदेय

इनका बढ़ाया मानदेय:-

  • आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 1000 रुपये की बढ़ोतरी के साथ अब 11,500 रुपये मासिक मानदेय।
  • 1000 रुपये मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मासिक बढ़ोतरी के साथ अब 8,300 रुपये मिलेंगे।
  • आंगनबाड़ी सहायिका को प्रतिमाह 1000 रुपये की बढ़ोतरी के साथ अब 6,800 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे ।
  • आशा वर्कर को 1000 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 6,800 रुपये मिलेंगे।
  • सिलाई शिक्षकों के मासिक मानदेय को 1000 रुपये बढ़ाया जाएगा।
  • मिड-डे मील वर्कर्ज को 500 रुपये बढ़ोतरी के साथ 5,500 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे।
  • जल वाहकों (शिक्षा विभाग) को 500 बढ़ोतरी के साथ 6,000 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे।
  • जल रक्षक को 500 रुपये बढ़ोतरी के साथ 6,100 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे।
  • जल शक्ति विभाग के बहुउद्देशीय कार्यकर्ता को 500 रुपये बढ़ोतरी के साथ 6,000 रुपये मिलेंगे।
  • लोक निर्माण विभाग के मल्टी टास्क वर्करों को 500 रुपये प्रतिमाह बढ़ोतरी। 
  • पैरा फिटर तथा पंप ऑपरेटर को 500 रुपये बढ़ोतरी के साथ 7,100 रुपये  मिलेंगे।
  • पंचायत चौकीदार को 500 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 9,000 रुपये मिलेंगे।
  • राजस्व चौकीदार को 500 रुपये बढ़ोतरी के साथ 6,800 रुपये  मिलेंगे।
  • राजस्व लंबरदार का 500 रुपये बढ़ोतरीके साथ 5,000 रुपये मिलेंगे।
  • एसएमसी अध्यापकों के मानदेय में 500 रुपये प्रतिमाह बढ़ोतरी।
  • आईटी शिक्षकों को 500 रुपये प्रतिमाह बढ़ोतरी।
  • एसपीओ को 500 रुपये प्रतिमाह बढ़ोतरी।
  • अंशकालिक मल्टी टास्क वर्करों को 500  रुपये प्रतिमाह बढ़ोतरी।

स्वास्थ्य कर्मियों का मानदेय बढ़ाया

इसके अलावा सीएम ने स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न श्रेणी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वेतन में 14 हजार रुपए तक मासिक वृद्धि की घोषणा की। जिसमें फार्मासिस्ट, एएनएम, स्टाफ नर्स सहित अन्य श्रेणियों के कर्मियों का वेतन बढ़ेगा। स्टाफ नर्स का वेतन 13,925 से बढ़ाकर 25,000 करने की घोषणा की। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के लिए 54 हजार करोड़ का बजट पेश , CM ने सभी गारंटियां को पूरा करने का किया दावा

मंत्रियों विधायकों का वेतन होगा डेफर

सीएम सुक्खू ने प्रदेश की माली वित्तीय हालात को देखते हुए अगले छह महीने तक मुख्यमंत्री के मासिक वेतन को 50 प्रतिशत, डिप्टी सीएम के वेतन को 40 प्रतिशत, मंत्रियों का 30 प्रतिशत और विधायकों का 20 प्रतिशत वेतन अगले छह महीने डेफर करने की घोषणा की।

अफसरों की सैलरी भी डेफर

इसके साथ ही सीएम ने मुख्य सचिव, एसीएस, सेक्रेटरी, डीजीपी, एडीजी, एसपी रेंक के अफसरों के अलावा न्यायिक अधिकारियों और क्लास-वन श्रेणी अधिकारियों की सैलरी भी डेफर की जाएगी। क्लास-वन और क्लास- टू श्रेणी कर्मचारियों की 3 प्रतिशत सैलरी डेफर होगी। उन्होंने कहा कि जब आर्थिक स्थिति ठीक होगी तब यह राशि लौटा दी जाएगी। इसके अलावा सीएम सुक्खू ने विधायक निधी को भी आधी करने का फैसला लिया। विधायक क्षेत्र विकास निधि 2 करोड़ 10 लाख रुपए से घटाकर 1 करोड़ 10 रुपए करने की घोषणा की।

 

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें