देहरा (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के इतिहास में जल्द ही नया अध्याय जुड़ने वाला है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल को बड़ी सौगात देने वाले हैं। जिसके चलते अब लंबे समय से जिस स्थायी परिसर का इंतजार किया जा रहा था, वह सपना अब हकीकत बनने वाला है। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय का देहरा स्थित नया परिसर शीघ्र ही देश को समर्पित किया जाएगा, जिसे लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही विश्वविद्यालय के नवनिर्मित देहरा परिसर का भव्य उद्घाटन करेंगे।
वर्षों का इंतजार अब होगा खत्म
कई वर्षों से छात्र, शिक्षक और स्थानीय लोग इस स्थायी परिसर के निर्माण का इंतजार कर रहे थे। अब जब उद्घाटन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, तो यह सपना साकार होता नजर आ रहा है। जानकारी के अनुसार अप्रैल या मई में प्रधानमंत्री स्वयं यहां पहुंचकर इस आधुनिक परिसर का उद्घाटन कर सकते हैं। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर नए भवन में हवन-यज्ञ के साथ इस महत्वपूर्ण परियोजना की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है। इस धार्मिक अनुष्ठान के बाद उद्घाटन की तैयारियों को और तेज कर दिया गया हैए ताकि समारोह को भव्य और यादगार बनाया जा सके।
यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य के दावों को ठेकेदार ने दिखाया ठेंगा, कंक्रीट की जगह पत्थरों का किया इस्तेमाल
देहरा बनेगा शिक्षा का नया केंद्र
देहरा में स्थायी परिसर शुरू होने से क्षेत्र की तस्वीर पूरी तरह बदलने वाली है। यह केवल एक विश्वविद्यालय नहीं, बल्कि शिक्षा, शोध और नवाचार का बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा। छात्रों को आधुनिक सुविधाएंए बेहतर वातावरण और उच्च स्तरीय संसाधन उपलब्ध होंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इसी शैक्षणिक सत्र से विधि और आतिथ्य प्रबंधन जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे। इससे छात्रों को नए अवसर मिलेंगे और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में दरकी पहाड़ी : घरों पर गिरा भारी मलबा, लोगों में दहशत; मची चीख-पुकार
छात्रों को मिलेगी बड़ी राहत
अब तक कई विभाग अस्थायी भवनों में संचालित हो रहे थे, जिससे छात्रों को सीमित संसाधनों में पढ़ाई करनी पड़ती थी। नए परिसर के शुरू होने के बाद उन्हें आधुनिक प्रयोगशालाएं, विशाल पुस्तकालय और बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा। इस परियोजना से केवल शिक्षा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसरों को भी नई गति मिलेगी। देहरा और आसपास के क्षेत्रों में विकास की रफ्तार तेज होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें : नवरात्रों में शिकारी माता का दरबार सूना, नहीं पहुंचा एक भी श्रद्धालु- जानें क्यों?
प्रशासन ने तेज की तैयारियां
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रबंधन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा से लेकर आयोजन तक हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यह कार्यक्रम ऐतिहासिक बन सके। बता दें कि देहरा परिसर का उद्घाटन हिमाचल के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। इससे न केवल उच्च शिक्षा को नई दिशा मिलेगी, बल्कि प्रदेश के विकास को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
