शिमला। रामपुर के दिवंगत विधायक और हिमाचल प्रदेश के सातवें वित्त आयोग के अध्यक्ष नंद लाल को आज अंतिम विदाई दी जाएगी। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं, नेताओं और समर्थकों ने उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए विशेष कार्यक्रम तय किया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रामपुर ने सभी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों से अंतिम दर्शन के लिए पहुंचने की अपील की है।
सुबह 10 बजे शिमला में होंगे अंतिम दर्शन
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, नंद लाल का पार्थिव शरीर मंगलवार सुबह 10 बजे शिमला के राजीव भवन में लाया जाएगा। यहां कांग्रेस के नेता, कार्यकर्ता और उनके समर्थक अंतिम दर्शन करेंगे और उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: रोहतांग समेत ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, ओलावृष्टि से बढ़ी मुश्किलें; जानें दिवाली तक का मौसम
दोपहर 2 बजे बिथल से निकलेगी अंतिम यात्रा
इसके बाद दोपहर 2 बजे बिथल (भेरा खंड) में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक एकत्रित होंगे। यहां से उनकी अंतिम यात्रा सर्किट हाउस रामपुर बुशहर के लिए रवाना होगी। दोपहर 3 बजे सर्किट हाउस में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता एकत्रित होकर दिवंगत विधायक को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।
शाम 5 बजे पैतृक गांव ले जाया जाएगा पार्थिव शरीर
रामपुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम पूरा होने के बाद शाम 5 बजे नंद लाल के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव देवठी ले जाया जाएगा। यहां भी परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्र के लोग उन्हें अंतिम विदाई देंगे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: रोहतांग समेत ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, ओलावृष्टि से बढ़ी मुश्किलें; जानें दिवाली तक का मौसम
जनसेवा के लिए हमेशा याद किए जाएंगे नंद लाल
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने अपने शोक संदेश में कहा कि नंद लाल का निधन रामपुर बुशहर के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने अपना पूरा जीवन लोगों की सेवा और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित किया। लोगों के बीच उनका व्यवहार, काम करने का तरीका और उनका संघर्ष हमेशा याद किया जाएगा।
कांग्रेस कमेटी ने की अंतिम विदाई में शामिल होने की अपील
कांग्रेस कमेटी ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे एकजुट होकर अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई देने पहुंचें और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करें।
