मंडी। हिमाचल प्रदेश में HRTC बसों से जुड़े मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब मंडी जिले के सराज से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां छतरी से मंडी जा रही HRTC की चलती बस के अचानक दोनों पिछले टायर खुल गए। उस वक्त बस में करीब 25 से 30 यात्री सवार थे। अचानक हुई इस घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। 

बस में थे अस्पताल जाने वाले कई यात्री

जानकारी के मुताबिक,HRTC की बस नंबर HP-65-4092 छतरी से मंडी जा रही थी। बस में कई लोग इलाज के लिए नैरचौक और मंडी अस्पताल जा रहे थे। कुछ यात्रियों को आगे चंडीगढ़ और दिल्ली भी जाना था। इसी वजह से कई लोग सुबह ही अपने घरों से निकल गए थे।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल की चैंपियन बेटी से मिलेंगी नीता अंबानी, अब ओलंपिक गोल्ड के सपने को मिलेगी नई उड़ान

अचानक खुल गए बस दोनों टायर

ढूगल के पास पहुंचते ही बस के पीछे के दोनों टायर अचानक खुल गए। चालक को जैसे ही इसकी भनक लगी, उसने तुरंत बस को कंट्रोल किया और ब्रेक लगा दिए। बस रुकने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। यात्रियों का कहना था कि अगर चालक ने समय रहते बस को नहीं संभाला होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

बस खराब हुई तो यात्रियों को पैदल चलना पड़ा

बस रुकने के बाद यात्रियों की परेशानी यहीं खत्म नहीं हुई। बस आगे नहीं जा सकी तो कई यात्रियों को पैदल ही चैल चौक तक जाना पड़ा। वहां से उन्होंने दूसरी बसें पकड़कर अपना सफर पूरा किया। खासकर अस्पताल और जरूरी काम से जा रहे लोगों को काफी दिक्कत हुई।

 

यह भी पढ़ें: सांसद कंगना रनौत का बयान- केंद्र पर बोझ बन गया हिमाचल, मुझे शर्मिंदगी महसूस होती है

करीब दो घंटे तक सड़क पर लगा जाम

बस सड़क पर खड़ी रहने के कारण करीब दो घंटे तक यातायात भी प्रभावित रहा। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मंडी की तरफ जाने वाली कुछ बसों को भी वापस लौटना पड़ा। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुरानी बसों की हालत पर फिर उठे सवाल

इस घटना के बाद पहाड़ी रूटों पर चल रही एचआरटीसी की बसों की फिटनेस को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि पहाड़ी और लंबे रूट पर बस भेजने से पहले उसके टायर, ब्रेक और दूसरे जरूरी हिस्सों की अच्छी तरह जांच होनी चाहिए। उनका कहना है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय पहले से ही बसों की हालत पर ध्यान देना जरूरी है।

 

यह भी पढ़ें: कहीं पुलिस पर छोड़ दिए कुत्ते, तो कहीं SHO पर चढ़ा दी गाड़ी- हिमाचल में नशा तस्कर बेखौफ

सराज में पहले भी खराब हो चुकी हैं HRTC की बसें

स्थानीय लोगों के मुताबिक सराज क्षेत्र में एचआरटीसी की पुरानी बसों के खराब होकर सड़क पर खड़े होने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। पिछले दिनों अकल-जंजैहली-मंडी रूट पर बगस्याड़ और थुनाग क्षेत्र में भी चार बसों के खराब होकर खड़े होने की बात सामने आई थी। ऐसे में लोग बसों की नियमित जांच और फिटनेस को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

RM बोले- जांच के बाद पता चलेगा टायर क्यों खुले

मंडी के आरएम पीयूष शर्मा ने बताया कि घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। उन्होंने कहा कि बस पहले ठीक थी, लेकिन चलते वाहन में अचानक तकनीकी खराबी आ सकती है। चालक ने समय रहते बस को रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने कहा कि दोनों पिछले टायर किस वजह से खुले, इसकी जांच की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: HRTC कर्मियों ने प्रबंधन को दी सख्त चेतावनी, बोले- नहीं माने तो पूरे प्रदेश में करेंगे चक्का जाम

यात्रियों ने बसों की फिटनेस जांच की मांग की

चलती बस के दोनों पिछले टायर खुलने की घटना ने एक बार फिर एचआरटीसी बसों की सुरक्षा और फिटनेस पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि चालक की सूझबूझ से सभी यात्री सुरक्षित बच गए। घटना के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पहाड़ी रूटों पर भेजी जाने वाली बसों की नियमित रूप से अच्छी तरह जांच की जाए।

जयराम ठाकुर ने सरकार को घेरा

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस घटना को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी की बसों की खराब हालत लगातार चिंता का विषय बनी हुई है।