मंडी। हिमाचल पंचायत चुनाव के बीच मंडी जिले के जोगिंद्रनगर उपमंडल की मैनभरोला पंचायत से एक ऐसा मामला सामने आया- जिसने मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए। आरोप है कि एक महिला ने अपनी देवरानी के नाम पर वोट डाल दिया। मामला सामने आते ही मतदान केंद्र पर हंगामा मच गया और कुछ समय के लिए चुनावी माहौल तनावपूर्ण हो गया।
जेठानी ने अपनी देवरानी के नाम पर डाला वोट
जानकारी के अनुसार मतदान प्रक्रिया सामान्य रूप से चल रही थी, तभी कुछ लोगों को संदेह हुआ कि एक महिला ने किसी अन्य मतदाता के नाम पर मतदान किया है। जांच-पड़ताल के दौरान यह आरोप सामने आया कि जेठानी ने अपनी देवरानी के नाम पर वोट डाल दिया। इस बात की भनक लगते ही मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों ने कड़ा विरोध जताना शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में रिश्तों की सियासत : पंचायत चुनावों में सास ने बहू को 4 वोटों से हराया, ननद ने भाभी को दी मात
मतदान केंद्र पर बढ़ा तनाव
देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि मतदान केंद्र पर बहस और हंगामे की स्थिति बन गई। लोगों ने चुनाव अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस और प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप करना पड़ा।
SDM पहुंचे मौके पर
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपमंडल अधिकारी (नागरिक) जोगिंद्रनगर मनीष चौधरी स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने चुनाव अधिकारियों और संबंधित लोगों से पूरी जानकारी ली तथा मामले की जांच करवाई। प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर संबंधित वोट को तत्काल प्रभाव से रद्द करने के आदेश दिए गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : चुनाव ड्यूटी छोड़ प्रचार करने पहुंच गया पटवारी, गिरी गाज- DC ने किया सस्पेंड
कार्रवाई के बाद बहाल हुई व्यवस्था
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद माहौल शांत हुआ और मतदान प्रक्रिया को दोबारा सुचारु रूप से शुरू किया गया। अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और किसी भी शिकायत की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
प्रशासन ने दिया सख्त संदेश
प्रशासन का कहना है कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और हर मतदाता का वोट बेहद मूल्यवान होता है। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति किसी दूसरे के नाम पर मतदान करने की कोशिश करता है तो उसे गंभीरता से लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- पूर्व HAS अधिकारी ने पंचायत चुनाव में मारी बाजी- 130 वोटों से जीत दर्ज कर बने प्रधान, हर ओर चर्चा
पूरे इलाके में चर्चा
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है। यह घटना मतदान के दौरान सतर्कता और चुनावी नियमों के पालन की आवश्यकता को भी उजागर करती है। फिलहाल मैनभरोला पंचायत का यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
