हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला से एक बेहद भावुक और दुखद खबर सामने आई है। ग्राम पंचायत टपरे के नोहगी गांव का 26 वर्षीय जवान अभिषेक कुमार अब इस दुनिया में नहीं रहा। देश सेवा में तैनात युवा सैनिक का दिल्ली के आरआर अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। जवान की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सबसे भावुक बात यह है कि अभिषेक कुमार महज एक माह पहले ही छुट्टियां बिताकर अपने घर से ड्यूटी के लिए रवाना हुआ था। परिवार को क्या पता था कि बेटे की वह छुट्टी उसकी जिंदगी की आखिरी छुट्टी साबित होगी और अगली बार वह तिरंगे में लिपटकर घर लौटेगा।
ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार अभिषेक कुमार छुट्टी पूरी करने के बाद वापस हरियाणा के हिसार स्थित अपनी ड्यूटी पर लौटे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। उन्हें खून की उल्टियां और लगातार दस्त की शिकायत हुई, जिसके बाद तुरंत उनका इलाज शुरू करवाया गया। चिकित्सकीय जांच में पता चला कि जवान काला पीलिया जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। हालत बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली के प्रतिष्ठित आरआर अस्पताल रेफर किया गया, जहां पिछले कुछ दिनों से उनका उपचार चल रहा था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : प्रत्याशी ने पहले वापस लिया नामांकन, फिर अधिकारी से फार्म छीन हुआ फरार; थाने पहुंचा मामला
जिंदगी की जंग हार गया जवान
डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद शनिवार सुबह अभिषेक कुमार जिंदगी की जंग हार गए। जवान के निधन की सूचना जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो.रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस खबर से स्तब्ध हैं। ग्रामीणों के मुताबिक अभिषेक बेहद मिलनसार और मेहनती स्वभाव के थे। कम उम्र में ही उन्होंने सेना में भर्ती होकर परिवार और गांव का नाम रोशन किया था।
यह भी पढ़ें : एक-दो नहीं... युवक ने दोस्त पर चा**कू से कर दिए कई वा*र, दृश्य देख लोगों की निकली चीखें
अब सैन्य सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
सूत्रों के अनुसार जवान का पार्थिव शरीर आज रात को या कल रविवार सुबह उनके पैतृक गांव पहुंच सकता है। जहां स्थानीय श्मशानघाट में पूरे सैन्य सम्मान के साथ जवान को अंतिम विदाई दी जाएगी। गांव में अंतिम दर्शन के लिए लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। हर आंख नम है और हर जुबान पर बस एक ही बात है। इतनी कम उम्र में बेटे का यूं चले जाना पूरे इलाके के लिए बड़ी क्षति है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस पर बरसे अनुराग ठाकुर, बोले- 'ये सिर्फ यारां दीं सरकार' भ्रष्टाचार में डूबे हैं इनके नेता
पूरे क्षेत्र में शोक की लहर
अभिषेक कुमार के निधन ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को गहरे दुख में डाल दिया है। जिस बेटे को परिवार ने हंसते हुए ड्यूटी पर विदा किया था, अब वही जवान तिरंगे में लिपटकर घर लौटेगा। यह सोचकर गांव के लोग भी भावुक हो उठे हैं। जवान की असमय मौत ने एक बार फिर जिंदगी की अनिश्चितता और सैनिक परिवारों के दर्द को सामने ला दिया है।
