शिमला। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी मंदिर में देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था भी लगातार बढ़ती जा रही है। यही कारण है कि माता के चरणों में इस बार विदेशी श्रद्धालुओं ने भी दिल खोलकर चढ़ावा अर्पित किया है। मंदिर में कुल 2.98 करोड़ रुपए की विदेशी मुद्रा चढ़ने का आंकड़ा सामने आया है, जो श्रद्धालुओं की अटूट आस्था को दर्शाता है।

डॉलर, पौंड और दीनार में चढ़ रहा चढ़ावा

इस बात का खुलासा हिमाचल विधानसभा के बजट सत्र में हुआ। बजट सत्र में कांग्रेस विधायक राकेश कालिया की ओर से पूछे गए एक सवाल के जवाब में प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने इसका खुलासा किया। मंदिर में चढ़ावे के रूप में डॉलर, पौंड, दिरहम, दीनार सहित कई देशों की मुद्राएं प्राप्त हुई हैं। इससे साफ है कि मां चिंतपूर्णी के प्रति श्रद्धा अब वैश्विक स्तर पर भी गहरी होती जा रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: माता-पिता की टूटी बुढ़ापे की लाठी, कमरे में इस हाल में मिला 20 साल का जवान बेटा

नियमित लेखांकन और बैंक में रूपांतरण की प्रक्रिया

मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि माता चिंतपूर्णी मंदिर को चढ़ावे के रूप में तीन साल में 2.98 करोड़ की विदेशी मुद्रा प्राप्त हुई है। मंदिर प्रशासन द्वारा विदेशी मुद्रा का प्रतिदिन विधिवत लेखा.जोखा रखा जाता है। इसके बाद इस मुद्रा को भारतीय रुपए में बदलने के लिए बैंक में जमा करवाया जाता है। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित की जाती है, ताकि श्रद्धालुओं की आस्था का सही सम्मान हो सके।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में लाखों के चिट्टे संग धरे हरियाणा के पांच तस्कर, खेप देख पुलिस के भी उड़ गए होश

विश्वभर में फैली मां चिंतपूर्णी की महिमा

बता दें कि मां चिंतपूर्णी मंदिर उत्तर भारत के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक है, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु माथा टेकने पहुंचते हैं। अब विदेशों में बसे भक्त भी यहां आकर अपनी श्रद्धा प्रकट कर रहे हैं या फिर विभिन्न माध्यमों से चढ़ावा भेज रहे हैं। विदेशी मुद्रा के रूप में करोड़ों का चढ़ावा इस बात का संकेत है कि हिमाचल का यह पवित्र धाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बना चुका है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और चढ़ावे में हो रही वृद्धि से मंदिर की महत्ता और भी बढ़ गई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें