शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले से दुखद खबर सामने आई है। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक और सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंदलाल का निधन हो गया है। उन्होंने 72 साल की उम्र में अंतिम सांस ली।

 

बताया जा रहा है कि वह काफी समय से बीमार चल रहे थे और शिमला के चमियाना स्थित अटल सुपर स्पेशियलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर से रामपुर सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े कई लोगों ने उनके निधन पर दुख जताया है।

चार बार रामपुर से विधायक चुने गए थे नंदलाल

नंदलाल का राजनीतिक सफर काफी लंबा रहा। वह रामपुर विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक चुने गए थे। उन्होंने साल 2007 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीता था। इसके बाद 2012, 2017 और 2022 के चुनावों में भी जीत हासिल की। इस तरह उन्होंने लगातार चार बार रामपुर का विधानसभा में प्रतिनिधित्व किया। वह पूर्व में स्वास्थ्य विभाग के मुख्य संसदीय सचिव (CPS) की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: रोहतांग समेत ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, ओलावृष्टि से बढ़ी मुश्किलें; जानें दिवाली तक का मौसम

CM सुक्खू ने जताया दुख

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विधायक नंदलाल के निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि नंदलाल अपने सिद्धांतों पर चलने वाले और पार्टी के प्रति पूरी निष्ठा रखने वाले नेता थे। उनके विचार स्पष्ट थे और वह हमेशा समाज की सेवा के लिए समर्पित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका व्यक्तित्व हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख की घड़ी में हिम्मत देने की प्रार्थना की।

डिप्टी CM बोले- प्रदेश ने एक समर्पित जनसेवक खो दिया

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी नंदलाल के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि नंदलाल ने अपना पूरा जीवन लोगों की सेवा और रामपुर के विकास के लिए समर्पित किया। उनके जाने से प्रदेश ने एक समर्पित जनसेवक खो दिया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में उन्होंने एक साथी को खो दिया है। डिप्टी सीएम ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार व उनके शुभचिंतकों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: रोहतांग समेत ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, ओलावृष्टि से बढ़ी मुश्किलें; जानें दिवाली तक का मौसम

 

जयराम ठाकुर ने भी जताया शोक

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी विधायक नंदलाल के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रामपुर के विधायक नंदलाल का निधन बेहद दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदनाएं जताईं। साथ ही ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति देने और परिवार को इस मुश्किल समय में हिम्मत देने की प्रार्थना की।

अधिकारियों ने बताया नेकदिल और सिद्धांतों पर चलने वाला नेता

नंदलाल के निधन पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी दुख जताया। उन्होंने कहा कि नंदलाल एक अच्छे, सरल, उदार और सिद्धांतों पर चलने वाले व्यक्ति थे। सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ उनका व्यवहार हमेशा सहयोग वाला रहता था। जरूरत पड़ने पर वह लोगों की मदद करते थे और सही मार्गदर्शन भी देते थे। उनके मिलनसार स्वभाव और सभी के साथ अच्छे संबंधों को हमेशा याद किया जाएगा।