शिमला। हिमाचल प्रदेश में इन दिनों मौसम साफ नजर आ रहा है, लेकिन अगले कुछ घंटों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। राजधानी शिमला समेत प्रदेश के कई हिस्सों में गुरुवार सुबह अच्छी धूप खिली हुई है। हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक दोपहर बाद पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके चलते अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर देखने को मिलेगा।
2 दिन भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 26 और 27 सितंबर को कई जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। बारिश का असर तापमान पर भी देखने को मिलेगा। फिलहाल प्रदेश के अधिकांश इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है, लेकिन बारिश शुरू होने के बाद इसमें गिरावट आने की संभावना है। ऐसे में सुबह, शाम और रात के समय ठंड बढ़ सकती है।
यह भी पढ़ें- धर्मशाला लैंड स्कैम : 13 करोड़ की जमीन खरीद, पत्नी और मां के नाम पर संपत्ति- केस में ED की एंट्री
5 दिन मौसम रहेगा खराब
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक गुरुवार और शुक्रवार को प्रदेश के निचले तथा मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 26 सितंबर से बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है।
26 सितंबर को शिमला, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। वहीं 27 सितंबर को मौसम और ज्यादा सक्रिय रहने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें- HP पुलिस जवान से भेदभाव : जाति पूछ खाने और पानी से दूर रहने को कहा, देवता के नाम पर डराया
27 सितंबर के लिए बिलासपुर, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर और किन्नौर में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके बाद 28 और 29 सितंबर को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान है।
दिन में गर्मी, अब रात में बढ़ेगी ठंड
मौसम में बदलाव का सीधा असर तापमान पर पड़ेगा। अभी प्रदेश के ज्यादातर शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2 से 3 डिग्री ज्यादा चल रहा है। लेकिन बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : उल्टी का बहाना बना दिया पुलिस को चकमा, कोर्ट से भागा चिट्टा तस्कर- 2 कांस्टेबल सस्पेंड
इस बदलाव के बाद खासकर सुबह और शाम के समय मौसम में ठंडक बढ़ेगी। रात के तापमान में भी कमी दर्ज की जा सकती है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का असर मैदानी और निचले इलाकों की तुलना में पहले महसूस होने की संभावना है।
मानसून की विदाई पर भी असर
हिमाचल प्रदेश से मानसून की सामान्य विदाई की तारीख 25 सितंबर मानी जाती है। लेकिन इस बार सितंबर के आखिर में भी बारिश का दौर बने रहने के कारण मानसून की विदाई में देरी हो सकती है।
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो 1 जून से 23 सितंबर तक प्रदेश में सामान्य से 12 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। इस अवधि में सामान्य बारिश 717.6 मिलीमीटर मानी जाती है, जबकि प्रदेश में अब तक 628.3 मिलीमीटर बारिश हुई है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल BREAKING : सांप के डसने से सगी बहनों की दर्दनाक मौ**त- 11 और 8 साल की थीं दोनों
यानी मानसून सीजन में बारिश सामान्य से कम रहने के बावजूद सितंबर के आखिरी दिनों में मौसम फिर सक्रिय होने जा रहा है। ऐसे में आने वाले पांच दिन हिमाचल के लिए मौसम के लिहाज से अहम रहने वाले हैं।
