शिमला। हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार ने पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। सरकार ने निर्णय लिया है कि, पुलिस विभाग में 800 कॉन्स्टेबल पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को निःशुल्क कोचिंग और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। इस पहल के तहत उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा की तैयारी के साथ-साथ शारीरिक दक्षता परीक्षा, व्यक्तित्व विकास और भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा संपूर्ण मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश
दरअसल, हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा 9 जुलाई 2026 को 800 कॉन्स्टेबल पदों के लिए भर्ती विज्ञापन जारी किए जाने के बाद सरकार ने यह फैसला लिया है, ताकि अधिक से अधिक स्थानीय युवा बेहतर तैयारी के साथ चयन प्रक्रिया में भाग ले सकें।
यह भी पढ़ें- PM मोदी हिमाचलियों को देंगे बड़ा गिफ्ट- नए रेलवे स्टेशन का आज लोकार्पण, ट्रेन भी होगी रवाना
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश का युवा प्रतिभाशाली, मेहनती और अनुशासित है। सरकार का प्रयास केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए आवश्यक संसाधन और मार्गदर्शन भी देना है।
मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिए हैं कि राज्य की सभी सशस्त्र पुलिस वाहिनियों में इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएं। इन शिविरों में पुलिस भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की जानकारी विस्तार से दी जाएगी।
आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को मिलेगा समान अवसर
सरकार की इस योजना के तहत अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा की तैयारी के अलावा शारीरिक दक्षता परीक्षा, दौड़, फिटनेस, व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, इंटरव्यू संबंधी मार्गदर्शन और प्रेरक सत्र भी उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुभवी पुलिस अधिकारी और प्रशिक्षक युवाओं को भर्ती प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराएंगे, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा और फिजिकल टेस्ट में भाग ले सकें।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में भगवान भरोसे पढ़ाई...सरकारी शिक्षक अपनी सैलरी से रख रहे प्री-प्राइमरी टीचर
सरकार का मानना है कि इस फैसले से विशेष रूप से ग्रामीण, दूरदराज और जनजातीय क्षेत्रों के उन युवाओं को फायदा मिलेगा, जिन्हें महंगी कोचिंग संस्थानों तक पहुंच नहीं मिल पाती। मुफ्त प्रशिक्षण उपलब्ध होने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के युवाओं को भी समान अवसर मिलेगा और वे बेहतर तैयारी के साथ पुलिस भर्ती परीक्षा में हिस्सा ले सकेंगे।
इसके साथ ही सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से प्रदेश के अधिक से अधिक स्थानीय युवाओं का पुलिस विभाग में चयन होगा, जिससे विभाग को प्रशिक्षित, अनुशासित और जनसेवा के प्रति समर्पित जवान मिलेंगे।
सरकार की इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का युवा ही हिमाचल का भविष्य है और राज्य सरकार युवाओं को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार नई पहल कर रही है। पुलिस विभाग जल्द ही प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा, प्रशिक्षण केंद्रों की सूची, समय-सारिणी और पंजीकरण प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करेगा।
यह भी पढ़ें- हिमाचल के 50 शिक्षकों पर गिरी गाज- बोर्ड रिजल्ट खराब रहने पर विभाग ने थमाया नोटिस
सरकार ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने निकटतम सशस्त्र पुलिस वाहिनी, जिला पुलिस कार्यालय तथा पुलिस विभाग के आधिकारिक माध्यमों से जारी होने वाली सूचनाओं पर नियमित नजर रखें, ताकि प्रशिक्षण कार्यक्रम का लाभ समय पर प्राप्त किया जा सके।
