मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी शहर में शनिवार रात और रविवार सुबह हुई तेज बारिश ने एक बार फिर जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। शहर के बीचोंबीच स्थित इंदिरा मार्केट का संकन गार्डन देखते ही देखते तालाब में बदल गया। करीब डेढ़ फीट पानी जमा होने से दुकानदारों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
नाली में कैन फंसने से रुकी पानी की निकासी
बताया जा रहा है कि संकन गार्डन की निकासी नाली में एक कैन फंस गया था। इसके कारण पानी बाहर नहीं निकल पाया। लगातार बारिश होने से गार्डन में पानी बढ़ता गया और कुछ ही समय में इसका बड़ा हिस्सा पानी में डूब गया। हालात बिगड़ने के बाद नगर निगम मंडी की टीम मौके पर पहुंची और पानी की निकासी शुरू करने में जुट गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सरकारी स्कूल के हाल-बेहाल, दरारों से छलनी भवन में पढ़ रहे बच्चे, कब जागेगी सुक्खू सरकार
दो घंटे की मेहनत के बाद निकला पानी
नगर निगम के कर्मचारियों ने करीब दो घंटे तक मेहनत कर नाली में फंसे अवरोध को हटाया। इसके बाद पानी निकलना शुरू हुआ और धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो गई। इंदिरा मार्केट के प्रधान अशोक शर्मा ने कहा कि तेज बारिश के दौरान यहां बार-बार जलभराव की समस्या सामने आती है। उन्होंने कहा कि इसका स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है, ताकि दुकानदारों और लोगों को हर बार परेशानी न उठानी पड़े।
कभी यहां हुआ करता था प्राकृतिक तालाब
स्थानीय लोगों के अनुसार इंदिरा मार्केट बनने से पहले इस जगह पर एक प्राकृतिक तालाब हुआ करता था। बाद में तालाब के पानी की निकासी को डायवर्ट कर सुकेती खड्ड की तरफ किया गया। लोगों का कहना है कि मौजूदा नाली की क्षमता तेज बारिश के दौरान कम पड़ जाती है। इसी वजह से ज्यादा बारिश होते ही यहां पानी जमा होने लगता है।
यह भी पढ़ें : मणिमहेश यात्रा: रात्री ठहराव हुआ महंगा, प्रशासन ने तय किए रेट; मैगी 50 में- चाय के दाम भी सुन लें
सीवरेज के निर्माणाधीन गड्ढों में भी भरा पानी
संकन गार्डन में जल शक्ति विभाग की ओर से सीवरेज चैंबर बनाने का काम भी चल रहा है। बारिश के कारण निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढों में भी पानी भर गया। इससे मौके पर काम करने और पानी की निकासी में कर्मचारियों को और परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुकेती खड्ड उफान पर, ब्यास नदी का जलस्तर भी बढ़ा
भारी बारिश का असर मंडी शहर के साथ बल्ह क्षेत्र में भी देखने को मिला। सुकेती खड्ड का पानी तेजी से बढ़ा और खड्ड उफान पर आ गई। वहीं ब्यास नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ता रहा। रातभर हुई तेज बारिश, गरजते बादलों और बढ़ते जलस्तर ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। बारिश के हालात देखकर लोगों को साल 2023 की भारी तबाही की भी याद आ गई, जब सुकेती और सकोढी खड्ड के उफान से मंडी में काफी नुकसान हुआ था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के मंदिरों में बरसा करोड़ों का चढ़ावा, श्रद्धालुओं ने चढ़ाए 419 करोड़; बाबा बालक नाथ टॉप पर
नगर निगम ने कहा- अवरोध हटाकर बहाल की निकासी
नगर निगम मंडी के आयुक्त डॉ. मदन कुमार ने बताया कि निकासी नाली में अवरोध आने की वजह से संकन गार्डन में पानी जमा हुआ था। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवरोध को हटा दिया है और पानी की निकासी व्यवस्था को दोबारा ठीक कर दिया गया है।
