हमीरपुर। कुत्ते के काटने के बाद समय पर इलाज और वैक्सीनेशन करवाना बेहद जरूरी होता है। थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसा ही एक मामला हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर से सामने आया है, जहां कुत्ते के काटने के बाद एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है।
अचानक बदल गया मजदूर का व्यवहार
जानकारी के अनुसार, मामला जिला हमीरपुर जिले के उपमंडल नादौन के भलूं गांव से सामने आया है। भलूं गांव में काम करने वाले दर्शन कुमार की तबीयत करीब तीन दिन पहले अचानक खराब हो गई थी। बताया जा रहा है कि रात के समय वह अजीब तरह की हरकतें करने लगा और काफी डरा हुआ नजर आया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में ताश के पत्तों की तरह ढह गया पुल, डंपर सहित सतलुज नदी में गिरा; 3 जिलों का संपर्क टूटा
उसकी हालत देखकर उसके साथ रह रहे अन्य मजदूर घबरा गए और तुरंत उसे इलाज के लिए नादौन अस्पताल ले गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन टांडा पहुंचने के बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद से ही मामले को लेकर ग्रामीणों में डर बढ़ गया है।
दो महीने पहले आवारा कुत्ते ने काटा था
ग्रामीणों का कहना है कि दर्शन कुमार को करीब दो महीने पहले एक पागल कुत्ते ने काट लिया था। उसने इसके बाद अस्पताल जाकर इलाज शुरू करवाया था, लेकिन रैबीज वैक्सीन का पूरा कोर्स नहीं करवाया गया। डॉक्टरों के अनुसार रैबीज के लक्षण सामने आने के बाद मरीज के व्यवहार में बदलाव आने लगता है और हालत गंभीर हो जाती है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार संग नहीं बनी बात- कल से हड़ताल पर HRTC कर्मचारी, नहीं चलेंगी बसें
मजदूर की अचानक बिगड़ी हालत और मौत के बाद ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यह मामला रैबीज से जुड़ा हो सकता है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
साथ काम करने वाले मजदूर लौटे घर, बढ़ी चिंता
इस घटना के बाद दर्शन कुमार के साथ काम करने वाले अन्य मजदूर भी चर्चा में हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से कई मजदूर जम्मू क्षेत्र के रहने वाले थे, जो अब वापस अपने घरों को लौट चुके हैं। ग्रामीणों की चिंता है कि अगर कोई व्यक्ति उसके संपर्क में आया होगा तो उसकी पहचान कर समय पर इलाज जरूरी है।
ये भी पढ़ें: राजा साहब 'वीर' भी थे 'भद्र' भी : कुछ ऐसी उपलब्धियां और काम जिसके लिए हमेशा किए जाएंगे याद
स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच, लोगों से अपील
लोगों ने मांग की है कि स्वास्थ्य विभाग उन सभी लोगों को ट्रेस करे जो मृतक के संपर्क में आए थे, ताकि समय रहते उन्हें वैक्सीन दी जा सके और किसी भी खतरे को रोका जा सके।
मामले पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश भारद्वाज ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया अलर्ट
उन्होंने लोगों से अपील की है कि जो भी व्यक्ति पिछले कुछ दिनों में दर्शन कुमार के सीधे संपर्क में आया है, वह बिना देरी किए नजदीकी अस्पताल जाए और डॉक्टरों की सलाह के अनुसार वैक्सीनेशन करवाए। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति के पास मृतक या उसके साथियों से जुड़ी कोई जानकारी है तो वह तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचित करे।
