मंडी। हिमाचल प्रदेश में मार्च की बारिश ने इस बार कहर ढा दिया है। लगातार तीन दिनों से बारिश के चलते पहाड़ियां कमजोर हो रही हैं और इससे लैंडस्लाइड जैसी खतरनाक घटनाएं सामने आ रही हैं। मंडी जिले में भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब एक पहाड़ी भरभराकर तेज रफ्तार से गांव की ओर गिरने लगी। इस हादसे के चलते गांव में चीख-पुकार मच गई और लोग डर के मारे सहम गए।

लैंडस्लाइड का लाइव वीडियो वायरल 

घटना जिला मंडी के कोटली उपमंडल के अंतर्गत आते रोपडू गांव की है। यहां पर अचानक एक पहाड़ी भरभराकर गिर गई। यह घटना इतनी भयानक थी कि इसके लाइव वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें लोगों की चीख-पुकार और हड़कंप साफ सुनाई दे रहा है। इस लैंडस्लाइड की चपेट में आकर एक गौशाला पूरी तरह जमींदोज हो गई।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: भेड़पालक की म*र्डर मिस्ट्री सुलझी, गांव का युवक ही निकला आरोपी- पहुंचा सलाखों के पीछे

पहाड़ी की कटिंग बनी लैंडस्लाइड का कारण

जानकारी के अनुसार, यह जगह हाईवे निर्माणाधीन है और ऊपर से गावर कंस्ट्रक्शन कंपनी पहाड़ी की कटिंग कर रही थी। स्थानीय लोग का कहना है कि यही कटिंग इस भीषण लैंडस्लाइड की वजह बनी। पहले भी इस जगह पर लैंडस्लाइड हो चुका था, जिस वजह से कंपनी ने काम रोक दिया था। लेकिन अब बारिश और नई कटिंग की वजह से पहाड़ी नरम हो गई और कल सुबह भारी मलबा खिसकते हुए गांव की तरफ गिर पड़ा।

9 घरों को करवाया खाली

घटना के तुरंत बाद SDM कोटली और स्थानीय पूर्व प्रधान मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और देखा कि पहाड़ी पर अभी भी बड़े-बड़े पत्थर और मलबा अटका हुआ है, जो किसी भी समय और नुकसान कर सकता है। इस खतरे को देखते हुए उन्होंने तुरंत 9 घरों को खाली करा दिया ताकि लोगों की जान सुरक्षित रहे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में गहरी खाई में गिरी जिप्सी, अंदर बैठे थे 7 पर्यटक- मौके पर मची चीख-पुकार

क्या बोली सुराडी ग्राम पंचायत की पूर्व प्रधान

सुराडी ग्राम पंचायत की पूर्व प्रधान पूजा देवी ने बताया कि प्रभावित परिवारों को पंचायत घर में ठहरने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने प्रशासन और सरकार से अपील की कि कंपनी को सख्ती से कहा जाए कि वो इस जगह कटिंग सही तरीके से करे, ताकि भविष्य में गांव वालों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जल्द हटाया जाएगा मलवा

SDM कोटली जगदीश चंद्र ने बताया कि सड़क पर गिरे बड़े-बड़े बोल्डर और मलबा जल्द ही हटाया जाएगा। इसके लिए पोकलेन मशीनों की मदद ली जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह फिलहाल पहाड़ी के पास न जाएं और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें