हमीरपुर। पंचायत चुनावों में अक्सर जीत-हार कुछ वोटों के अंतर से तय होती है। मगर हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले की बलेहु पंचायत में ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। यहां उप प्रधान पद के चुनाव में दोनों प्रत्याशियों को बिल्कुल बराबर वोट मिले।
हिमाचल पंचायत चुनाव का सबसे दिलचस्प मुकाबला
नतीजा ऐसा फंसा कि आखिरकार लोकतंत्र का फैसला मतपेटी नहीं, बल्कि पर्ची के जरिए करना पड़ा। सुजानपुर उपमंडल के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बलेहु में उप प्रधान पद के लिए राजीव कुमार और वतन सिंह के बीच सीधा मुकाबला था। मतदान के बाद जब मतगणना शुरू हुई तो दोनों पक्षों के समर्थकों की निगाहें हर वोट पर टिकी थीं। लेकिन जैसे ही अंतिम परिणाम सामने आया, सभी हैरान रह गए।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में रिश्तों की सियासत : पंचायत चुनावों में सास ने बहू को 4 वोटों से हराया, ननद ने भाभी को दी मात
बराबरी पर अटका चुनावी मुकाबला
मतगणना पूरी होने पर राजीव कुमार और वतन सिंह दोनों को 256-256 वोट प्राप्त हुए। यानी कुल 512 वोटों में दोनों प्रत्याशियों को समान जनसमर्थन मिला। परिणाम बराबरी पर आने के बाद कुछ समय के लिए स्थिति असमंजस में पड़ गई और पंचायत परिसर में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का माहौल बन गया।
पर्ची से निकला विजेता
चुनावी नियमों के अनुसार जब दोनों प्रत्याशियों को बराबर मत प्राप्त हुए तो विजेता तय करने के लिए पर्ची प्रणाली अपनाई गई। अधिकारियों ने दोनों उम्मीदवारों के नाम अलग-अलग पर्चियों पर लिखे और निर्धारित प्रक्रिया के तहत एक पर्ची निकाली गई।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : हाद.से ने खोली स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल, ढाई घंटे तक तड़पते रहे घायल- 3 महिलाओं ने तोड़ा दम
फैसला आने तक सब थे परेशान
इस दौरान पंचायत परिसर में मौजूद लोगों की सांसें थमी हुई थीं। हर कोई अंतिम फैसले का इंतजार कर रहा था। आखिरकार निकली पर्ची में राजीव कुमार का नाम सामने आया और उन्हें ग्राम पंचायत बलेहु का नया उप प्रधान घोषित कर दिया गया।
जश्न और सम्मान दोनों साथ-साथ
परिणाम घोषित होते ही राजीव कुमार के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। पंचायत परिसर में मिठाइयां बांटी गईं और समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया। वहीं वतन सिंह के समर्थकों ने भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सम्मान करते हुए परिणाम को स्वीकार किया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : चुनाव ड्यूटी छोड़ प्रचार करने पहुंच गया पटवारी, गिरी गाज- DC ने किया सस्पेंड
पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना चुनाव
बलेहु पंचायत का यह चुनावी मुकाबला अब पूरे सुजानपुर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहली बार ऐसा चुनाव देखा है, जहां दोनों प्रत्याशियों को बराबर वोट मिले और विजेता का फैसला पर्ची से करना पड़ा।
जनता के भरोसे पर खरा उतरने का वादा
जीत के बाद नवनिर्वाचित उप प्रधान राजीव कुमार ने पंचायतवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत केवल उनकी नहीं, बल्कि पूरी पंचायत की जीत है। उन्होंने पंचायत के विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और लोगों की समस्याओं के समाधान को अपनी प्राथमिकता बताया।
