हमीरपुर। दिवाली की रात जहां हर घर में खुशियों के दीये जल रहे थे, वहीं हमीरपुर के एक घर में ऐसा मातम पसरा कि पूरे गांव की आंखें नम हो गईं। परिवार में पहले 63 वर्षीय बलदेव सिंह की अचानक मौत हो गई। अभी परिवार इस दुख से संभल भी नहीं पाया था कि बेटे को खोने के गम में उनकी 85 वर्षीय मां ने भी दम तोड़ दिया। कुछ ही घंटों के भीतर मां-बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। यह दर्दनाक घटना बड़सर क्षेत्र के समोह गांव की है।

अचानक बिगड़ी बलदेव सिंह की तबीयत

जानकारी के अनुसार, मामला जिला हमीरपुर के बड़सर क्षेत्र की टिक्कर राजपूतां पंचायत के समोह गांव से सामने आया है। यहां पर 63 वर्षीय बलदेव सिंह जो जल शक्ति विभाग से सेवानिवृत्त थे। दिवाली की पूर्व संध्या पर अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। उन्हें सांस लेने में काफी परेशानी होने लगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल की बेटी निहारिका का विदेश में जलवा, ब्रॉन्ज मेडल जीत बढ़ाया देश का मान

 

परिजनों ने बिना देरी किए उन्हें बड़सर नागरिक अस्पताल ले जाने का फैसला किया। परिवार के लोग उन्हें अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बेटे का शव देखकर बेसुध हो गई मां

बलदेव सिंह की मौत की खबर से परिवार पहले ही सदमे में था। जब उनका शव घर पहुंचा तो परिवार में रोना-पीटना शुरू हो गया। 85 वर्षीय मां जानो देवी बेटे की मौत का दुख सहन नहीं कर पाईं। जिस बेटे को उन्होंने बचपन से पाल-पोसकर बड़ा किया था, उसे इस हालत में देखकर वह पूरी तरह टूट गईं।बेटे का शव देखते ही मां बेसुध हो गईं। परिवार के लोग उन्हें संभालने में जुट गए, लेकिन बेटे को खोने का गम उनके लिए बहुत बड़ा था।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में आज पत्थरबाजी कर मनाई जाएगी दिवाली, जानिए क्यों शुरू हुई यह प्रथा

कुछ घंटों बाद मां ने भी तोड़ा दम

परिवार के लोग बलदेव सिंह के अंतिम संस्कार की तैयारियां कर रहे थे। इसी दौरान मां जानो देवी की तबीयत भी अचानक बिगड़ गई। उन्हें घबराहट होने लगी और सांस लेने में परेशानी होने लगी।

परिजन उन्हें तुरंत बड़सर नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। इस तरह कुछ ही घंटों के भीतर परिवार ने मां और बेटे दोनों को खो दिया। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

परिवार में दो बेटों को छोड़ गए बलदेव सिंह

बताया जा रहा है कि बलदेव सिंह के दो बेटे हैं। छोटा बेटा घर पर ही रहता है, जबकि बड़ा बेटा दूसरे राज्य में नौकरी करता है। पिता और दादी की मौत की खबर मिलते ही बड़ा बेटा घर के लिए रवाना हो गया। वहीं, बलदेव सिंह के बड़े भाई जगमोहन सिंह सेना से सेवानिवृत्त हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : पटाखे जला रहे पति-पत्नी पर पड़ोसी ने चढ़ा दी थार- नहीं बच पाए दोनों

पूरे गांव में शोक की लहर

इस दुखद घटना पर वार्ड पंच सुखदेव ने भी गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि एक ही दिन में मां और बेटे की मौत से समोह गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। दिवाली के त्योहार पर जिस घर में खुशियां मनाई जानी थीं, वहां एक साथ दो मौतों से मातम छा गया। गांव के लोग भी परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।