कांगड़ा। आज के दौर में जहां लोग आधुनिकता की दौड़ में अपनी जड़ों से दूर होते जा रहे हैं। वहीं कांगड़ा की एक युवा प्रधान ने अपनी संस्कृति और परंपराओं को सबसे ऊपर रखकर एक अलग मिसाल पेश की है।
धर्मशाला में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में ग्राम पंचायत भडियाड़ा की नवनिर्वाचित प्रधान आंचल कुमारी पारंपरिक गद्दी वेशभूषा लुआंचड़ी पहनकर पहुंचीं और अपनी सादगी से सभी का दिल जीत लिया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में अगले 5 दिन बिगड़ा रहेगा मौसम- कई जिलों में ओलावृष्टि और तूफान का ऑरेंज अलर्ट
स्टाफ नर्स की नौकरी छोड़ राजनीति में आईं
आंचल कुमारी उच्च शिक्षा प्राप्त हैं। उन्होंने BA और BSC नर्सिंग की पढ़ाई की है और इससे पहले एक निजी अस्पताल में स्टाफ नर्स के रूप में भी सेवाएं दे चुकी हैं। इसके बाद उन्होंने राजनीति का रास्ता चुना।
पारंपरिक वेशभूषा पहन जीता सबका दिल
प्रधान आंचल कुमारी पारंपरिक गद्दी वेशभूषा लुआंचड़ी पहनकर पंडाल में सबका दिल जीता। उन्होंने बताया कि शपथ ग्रहण जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर पारंपरिक वेशभूषा पहनने का उद्देश्य अपनी संस्कृति और पुरानी परंपराओं को संजोने का संदेश देना था।
यह भी पढ़ें- आस्था के नाम पर पार्टी! पराशर मेले में मंदिर परिसर बना शराबियों का अड्डा- बोतलों का ढेर
नशामुक्त और आदर्श पंचायत बनाने का संकल्प
पद एवं गोपनीयता की शपथ लेने के बाद आंचल कुमारी ने ग्राम पंचायत भडियाड़ा को आदर्श पंचायत बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि बेसहारा पशुओं की समस्या का समाधान उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने और पूरे क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।
युवाओं के लिए बनेगी डिजिटल मॉडल लाइब्रेरी
आंचल कुमारी ने पंचायत के युवाओं के लिए प्रदेश की नंबर-1 डिजिटल मॉडल लाइब्रेरी स्थापित करने की भी घोषणा की। उनका कहना है कि इससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी और उन्हें शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें- सुक्खू सरकार ने दिया बड़ा झटका- बिजली बिल में जुड़ेगा फ्यूल चार्ज, ग्राहकों पर बढ़ा बोझ
विकास कार्यों में नहीं होगी कमी
उन्होंने अपनी जीत का श्रेय पंचायत की जनता को देते हुए भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। साथ ही सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी पारदर्शिता के साथ काम किया जाएगा।
