मंडी। हिमाचल प्रदेश में बढ़ते जल प्रवाह को देखते हुए भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड BBMB ने ब्यास नदी से जुड़े क्षेत्रों के लिए सतर्कता जारी की है। बर्फ के तेजी से पिघलने और कैचमेंट क्षेत्रों में हुई वर्षा के कारण पंडोह डैम में पानी की आवक बढ़ी है।

पंडोह डैम से छोड़ा जाएगा पानी

इसी के चलते डैम से करीब 4000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की संभावना जताई गई है। BBMB के अनुसार, पानी छोड़े जाने के बाद ब्यास नदी के निचले हिस्सों में जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ सकता है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में अगले 5 दिन बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट- कई क्षेत्रों में तूफान बढ़ाएगा मुसीबत

सावधानी बरतने की सलाह

इसे देखते हुए मंडी, कांगड़ा और हमीरपुर जिलों के नदी किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नदी के आसपास अनावश्यक रूप से जाने से बचें और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें।

नदी-नालों के पास ना जाएं लोग

प्रबंधन बोर्ड ने नदी के किनारों, तटों और नदी तल में जाने वाले लोगों को भी चेतावनी जारी की है। लोगों से कहा गया है कि वे फोटोग्राफी, सेल्फी लेने या मनोरंजन के उद्देश्य से नदी के समीप न जाएं, क्योंकि जलस्तर में अचानक वृद्धि गंभीर खतरा पैदा कर सकती है।

यह भी पढ़े : हिमाचल : दिनदहाड़े स्कूल संचालिका को गो.लियों से भूना- प्रॉपर्टी को लेकर भाई से चल रहा था विवाद

ठेकेदार-मजदूर भी रहें सतर्क

नदी क्षेत्र में निर्माण कार्य या अन्य गतिविधियों में लगे ठेकेदारों और श्रमिकों को भी सतर्क किया गया है। उन्हें अपनी मशीनरी, वाहन और अन्य उपकरणों को तुरंत सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि संभावित नुकसान से बचा जा सके।

पर्यटक भी रहें अलर्ट

प्रशासन ने पर्यटकों से भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। बताया गया है कि चेतावनी के बावजूद कुछ लोग ब्यास नदी के किनारों और नदी तल तक पहुंच रहे हैं, जो जोखिम भरा साबित हो सकता है। अधिकारियों का कहना है कि बांध से पानी छोड़े जाने के बाद नदी का स्वरूप कुछ ही समय में बदल सकता है और बहाव काफी तेज हो सकता है।

यह भी पढ़े : हिमाचल में दुल्हन बनकर ठगी! 3 महीने में रचाई 3 शादियां, मंदिर जाने के बहाने फरार हुई शीतल

BBMB की स्थिति पर लगातार नजर

BBMB ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अगर जल निकासी की मात्रा में कोई बदलाव किया जाता है तो इसकी जानकारी समय रहते सार्वजनिक की जाएगी। फिलहाल लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और नदी के आसपास सतर्कता बरतने की अपील की गई है- ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें