पालमपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पालमपुर क्षेत्र में एक विवाहित युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में किराये के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। युवक की मौत को लेकर परिवार ने गंभीर सवाल खड़े करते हुए इसे आत्महत्या मानने से साफ इंकार कर दिया है। परिजनों का आरोप है कि युवक की मौत के पीछे किसी अन्य व्यक्ति का हाथ हो सकता है। यह मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी भारी रोष देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोग पुलिस थाना पहुंच गए। फिलहाल पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जांच तेज कर दी है।
लाहला स्थित किराये के मकान में मिला शव
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान शुभम के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ पालमपुर के लाहला क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था। बताया जा रहा है कि जब युवक काफी देर तक बाहर नहीं आया तो आसपास के लोगों को शक हुआ। बाद में कमरे के भीतर उसका शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में तीन दिन आंधी-तूफान ओलावृष्टि का ऑरेंज-येलो अलर्ट, पांच दिन नहीं मिलेगी राहत
परिजनों ने उठाए गंभीर सवाल
मृतक के परिवार ने इस घटना को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का कहना है कि शुभम आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता। उनका दावा है कि जिस हालत में शव मिला] वह पूरी घटना को संदिग्ध बनाता है। परिवार के मुताबिक युवक का शरीर पूरी तरह फंदे पर नहीं लटका हुआ था और उसकी टांगें पीछे की ओर मुड़ी हुई थीं। इसी आधार पर परिजन इसे हत्या का मामला बता रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में दादी बनाम पोती : एक को BJP तो दूसरी को कांग्रेस ने थमाया टिकट, होगा कड़ा मुकाबला
पुलिस ने एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार
परिजनों द्वारा जताए गए शक और आरोपों के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। लंबी पूछताछ और प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने मृतक की पत्नी से भी पूछताछ की है। बताया जा रहा है कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : अनुराग ठाकुर को तीसरी बार मिली बड़ी जिम्मेदारी, देश की सर्वोच्च वित्तीय निगरानी समिति के सदस्य बने
थाने के बाहर जुटे लोग] निष्पक्ष जांच की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों में भारी गुस्सा देखने को मिला। शुक्रवार रात बड़ी संख्या में लोग पालमपुर थाना पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। शनिवार को भी थाना परिसर में लोगों की भीड़ जुटी रही] जिससे पूरे दिन माहौल गर्माया रहा। लोग लगातार पुलिस प्रशासन से मांग कर रहे थे कि मामले की तह तक जाकर सच्चाई सामने लाई जाए और यदि यह हत्या है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : ऑफिस से हाफ डे लेकर घर लौटा नगर निगम अधिकारी, कमरे में उठाया गलत कदम- सदमे में परिवार
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी नजरें
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच जारी है और अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस के अनुसार मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और हर कोई यही जानना चाहता है कि आखिर युवक की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी हुई है।
