कुल्लू।  पहाड़ों की शांत वादियों में अब नशे का ज़हर धीरे-धीरे घरों तक पहुंचने लगा है। चिंता की बात यह है कि अब नशे के मामलों में पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल पाई जा रही हैं। बीते कुछ समय में हिमाचल प्रदेश में महिलाओं द्वारा नशा रखने, बेचने या सेवन करने के कई मामले सामने आ चुके हैं। ताजा मामला कुल्लू से है, जहां पुलिस ने एक महिला को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है।

खोखे में चल रहा था अवैध शराब का धंधा

कुल्लू शहर के चंडीगढ़ बिहाल क्षेत्र में पुलिस जब गश्त पर थी, तभी उन्हें सूचना मिली कि एक खोखेनुमा दुकान में महिला चाय-पानी के बहाने शराब बेचने का भी काम कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान खोखे से 5 लीटर अवैध शराब बरामद हुई।

आरोपी महिला की पहचान कांता देवी के रूप में की गई है, जो उसी इलाके में रह रही थी। महिला को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और शराब को कब्जे में ले लिया गया।

 

यह भी पढ़ें : पहलगाम घटना के बाद हिमाचल में हाई अलर्ट- सीमाओं में चौकसी बढ़ी, कई स्थानों पर डटे जवान

 आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज

एसपी कुल्लू, डॉ. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह अवैध शराब कहां से लाई जा रही थी और क्या महिला किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा थी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के राशन डिपो में मलका दाल हुई महंगी, कई खाद्य वस्तुओं के भी बढ़े दाम- नई दरें लागू

नशे के खिलाफ अभियान में जुटी है कुल्लू पुलिस

कुल्लू पुलिस इन दिनों जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चला रही है। इससे पहले भी कुल्लू और आसपास के इलाकों से शराब, चिट्टा, अफीम और अन्य नशे के मामलों में कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। खास बात यह है कि अब महिलाएं भी इस अवैध धंधे में लिप्त पाई जा रही हैं, जिससे पुलिस और समाज दोनों के लिए चुनौती बढ़ गई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में ठंडी हवा खा रहा था 13 मामलों में वांटेड डाकू, 35 हजार था इनाम; पुलिस ने धरा

सामाजिक चेतावनी का वक्त

यह घटना न सिर्फ एक गिरफ्तारी की सूचना है, बल्कि एक सामाजिक चेतावनी भी है कि अब नशे की लत और कमाई के लालच में महिलाएं भी शामिल हो रही हैं। पहाड़ी संस्कृति, जो अपने नैतिक मूल्यों और पारिवारिक एकता के लिए जानी जाती है, अब इस ज़हर से खतरे में है।  

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें