ऊना। देवभूमि कहे जाने वाले हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने ना सिर्फ इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। बल्कि देवभूमि को भी शर्मसार कर दिया है। ऊना जिला में एक तीन साल की मासूम के साथ यौन उत्पीड़न की खबर ने पूरे इलाके में गुस्सा और दुख का माहौल बना दिया है। आरोपी बच्ची को कन्या पूजन के बहाने अपने घर ले गया था और वहां पर उसने उसका यौन उत्पीड़न किया।

तीन साल की मासूम से दरिंदगी

मिली जानकारी के अनुसार ऊना के अंब उपमंडल के अंतर्गत एक गांव में रिश्तों और विश्वास के कत्ल का मामला प्रकाश में आया है, जहां कन्या पूजन के बहाने बुलाई गई 3 साल की मासूम बच्ची को पड़ोसी की हैवानियत का शिकार होना पड़ा। बताया जा रहा है कि 27 मार्च को क्षेत्र में रहने वाले एक प्रवासी परिवार की दो नन्हीं बेटियों को पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति कन्या पूजन के बहाने अपने घर ले गया। परिवार को इस बात का जरा भी अंदेशा नहीं था कि आस्था के नाम पर इतना बड़ा विश्वासघात हो सकता है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: खेत में मिली महिला की देह, मां बोली - संतान नही होने पर पति ने कर दी बेटी की ह*त्या

अस्पताल में हुआ खुलासा

कुछ समय बाद एक महिला ने बच्ची की मां को सूचना दी कि उसकी बेटी के साथ कोई हादसा हो गया है। यह सुनकर घबराए परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्ची को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में जब डॉक्टरों ने बच्ची का परीक्षण किया, तो सामने आई सच्चाई ने सभी को स्तब्ध कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची के शरीर पर जो चोटें थीं, वे किसी सामान्य दुर्घटना का परिणाम नहीं थीं, बल्कि कथित रूप से यौन शोषण की ओर संकेत कर रही थीं। बच्ची की हालत को गंभीर देखते हुए उसे तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया, जहां वह डॉक्टरों की निगरानी में है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल की ये नदी बुझाएगी दिल्ली की प्यास: 50 साल का इंतजार खत्म, मजबूत होगी प्रदेश की आर्थिकी

डॉक्टर ने बताई सच्चाई

डॉक्टर की बात सुनते ही बच्ची के परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा था कि उनकी मात्र तीन साल की मासूम बच्ची के साथ भी कोई हैवान इस तरह की घिनौनी हरकत कर सकता है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और अज्ञात आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में संदेह उसी व्यक्ति पर जताया जा रहा है, जो बच्चियों को अपने घर लेकर गया था। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: झगड़े में बदली बहस, 3 युवकों पर टूट पड़े 15-20 लोग- कोई नहीं कर पाया बीच-बचाव

क्या बोले डीएसपी अंब

डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। यह एक अत्यंत गंभीर और संवेदनशील मामला है। पुलिस की विभिन्न टीमें गठित कर दी गई हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल प्रदेश में बचा है कितने दिन का तेल: मुख्यमंत्री सुक्खू ने विधानसभा में बताया..

देवभूमि में बढ़ता आक्रोश

इस घटना के बाद से स्थानीय जनता में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि जिस प्रदेश में कन्याओं को देवी का रूप मानकर पूजा जाता है] वहां इस तरह की घिनौनी वारदात होना सामाजिक पतन की पराकाष्ठा है। हर तरफ से आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग उठ रही है ताकि भविष्य में कोई ऐसी हिमाकत न कर सके।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें