मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी स्थित सुंदरनगर के भड़ोह क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। पढ़ाई के लिए घर से दूर रह रही एक युवती की अचानक हुई मौत से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
अकाउंट्स की पढ़ाई कर रही थी युवती
जानकारी के अनुसार 21 वर्षीय नेहा, जो निहरी तहसील के जिनझड़ गांव की रहने वाली थी, सुंदरनगर के एक निजी संस्थान में अकाउंट्स की छात्रा थी। वह अपनी बहन के साथ भड़ोह क्षेत्र में किराये के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
यह भी पढ़ें- श्रीखंड यात्रा : 10 जुलाई को निकलेगा पहला जत्था, मां चलाशनी के दर्शन की परंपरा फिर होगी शुरू
फंदे से लटकी मिली नेहा
बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे के आसपास यह घटना सामने आई। जब उसकी बहन कमरे में पहुंची तो उसने नेहा को फंदे से लटका हुआ पाया। घटना का पता चलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
मौके से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
सूचना मिलने के बाद पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। प्रारंभिक जांच के दौरान मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 'फिर हेराफेरी' : मृतकों के खातों से निकाली पेंशन, पोस्टमास्टर के घर CBI की रेड
पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा
SP मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि मृत्यु के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
