सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से सामने आई इस घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। नालागढ़ क्षेत्र के एक पूर्व प्रधान के बेटे का शव पंजाब की नहर से बरामद हुआ है। फिलहाल मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

दो दिन पहले घर से निकला था 

मृतक की पहचान 40 वर्षीय रजनीश गौतम के रूप में हुई है, जो सोलन जिले के नालागढ़ क्षेत्र की कुंडलू पंचायत के पूर्व प्रधान भगवती दास का बेटा था। जानकारी के अनुसार, रजनीश दो दिन पहले शाम को अपनी कार से अंबाला के लिए निकला था।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के अफसर और कर्मियों ने किया मनरेगा में घोटाला- 55 लाख डकारे, FIR दर्ज

ट्रक का टायर खरीदने गया

उसने परिजनों को बताया था कि वह ट्रक के टायर खरीदने जा रहा है। घर से निकलने के कुछ समय बाद ही उसका मोबाइल फोन बंद हो गया, जिसके बाद परिवार का उससे संपर्क नहीं हो सका।

नहर किनारे मिली लावारिस कार

जब रजनीश देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच 30 जुलाई को पंजाब के घनौली गांव के पास नहर किनारे उसकी कार लावारिस हालत में मिली। वाहन मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों की चिंता और बढ़ गई तथा मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : बस स्टार्ट छोड़ ड्राइविंग सीट से उतरा ड्राइवर, ढलान में लुढ़की; मची चीख-पुकार

गोताखोरों ने नहर से निकाला शव

पिता भगवती दास की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआती तलाश में कोई सफलता नहीं मिली, लेकिन शुक्रवार रात करीब 11 बजे गोताखोरों की मदद से पंजाब के मरिंडा क्षेत्र के पास नहर से रजनीश का शव बरामद कर लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स बिलासपुर भेजा गया है।

मौत के कारणों की जांच जारी

DSP भीष्म ठाकुर ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रजनीश की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें