शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से पुलिस का एक ऐसा मानवीय और साहसिक रूप देखने को मिला है। जिसने खाकी वर्दी के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत कर दिया। यहां रामपुर बुशहर में वजीर बावड़ी पुल के पास पुलिस जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर एक महिला को मौत के मुंह से खींच लाया।

सैल्यूट हिमाचल पुलिस

हिमाचल पुलिस के जवानों की इस बहादुरी की हर तरफ चर्चा हो रही है। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि खाकी सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर यह मानवता की मिसाल भी पेश करती है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पंचायत चुनाव : आरक्षण रोस्टर में छेड़छाड़! जयराम ने CM के फैसले को बताया गलत

पुलिस को फोन पर मिली खबर

जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना रामपुर को सूचना मिली थी कि एक महिला वजीर बावड़ी पुल के आसपास संदिग्ध हालात में घूम रही है और वह किसी भी वक्त सतलुज नदी में छलांग लगा सकती है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत एक पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया।

सतुलज में कूदी महिला

जब पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, तो महिला नदी के किनारे बेहद खतरनाक स्थिति में बैठी हुई थी। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने और सुरक्षित स्थान पर लाने की कोशिश की, लेकिन हालात पल भर में बदल गए। महिला ने अचानक शोर मचाते हुए उफनती सतलुज नदी में छलांग लगा दी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: ट्यूशन पढ़ने गया था 5 वर्षीय मासूम, घर पर माता-पिता ने दी जा*न- नहीं थम रहे आंसू

खुद की परवाह किए बिना कूदा जवान

महिला को तेज बहाव में डूबता देख मौके पर मौजूद आरक्षी सतपाल ने बिना एक पल गंवाए नदी में छलांग लगा दी। सतलुज का तेज बहाव और ठंडा पानी किसी भी व्यक्ति के लिए जानलेवा साबित हो सकता था, लेकिन सतपाल ने हिम्मत नहीं हारी।

 

उफनती लहरों के बीच से लाया बाहर

उन्होंने काफी संघर्ष के बाद महिला तक पहुंच बनाई और उसे मजबूती से पकड़ लिया। इसी दौरान महिला आरक्षी शीतल ने भी मौके पर सूझबूझ और तेजी का परिचय देते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन में अहम भूमिका निभाई। टीमवर्क और हौसले के दम पर दोनों जवानों ने महिला को सुरक्षित किनारे तक पहुंचा दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने भी पुलिस के इस साहसिक कदम की सराहना की।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस जैसी वर्दी पहन निकले तस्कर, लाखों की चरस संग हुए गिरफ्तार- गाड़ी भी सीज

बच गई महिला की जान

रेस्क्यू के तुरंत बाद पुलिस टीम ने घायल और डरी-सहमी महिला को बिना देर किए खनेरी स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार, महिला की हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर बताई जा रही है।

क्यों उठाया महिला ने ऐसा कदम?

शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया। पुलिस अब उसके परिजनों से संपर्क करने और पूरे मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे पारिवारिक तनाव या मानसिक दबाव कारण हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पुलिसवाले ने मांगी रिश्वत... नहीं दे पाया युवक, तो काटा 5000 का चालान

हिमाचल पुलिस जवानों की तारीफ

इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि खाकी सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर यह मानवता की मिसाल भी पेश करती है। रामपुर पुलिस के इन जांबाज जवानों का यह साहसिक कार्य न केवल एक जीवन बचाने में सफल रहा, बल्कि समाज में पुलिस की सकारात्मक छवि को भी मजबूत कर गया। हर तरफ हिमाचल पुलिस के जवानों की तारीफ हो रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।