शिमला। हिमाचल की राजधानी शिमला से एक ऐसी सनसनीखेज खबर सामने आई है जिसने देवभूमि को ही शर्मसार कर दिया है। चौपाल पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक 28 वर्षीय विवाहिता के साथ दरिंदगी और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की खौफनाक धमकी का मामला प्रकाश में आया है। यहां एक पिता ने 28 साल की महिला से दुष्कर्म किया और उसके दो बेटों ने पीड़िता को उसके पति और दो मासूम बच्चों को जान से मार देने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पिता और उसके दोनों बेटों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

माफी का नाटक और दोबारा दरिंदगी की कोशिश

पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि चिल्ला गांव के रहने वाले मुख्य आरोपी ने सितम्बर 2025 में जबरन दुष्कर्म किया था। उस वक्त आरोपी ने किसी से भी मुंह खोलने पर खौफनाक अंजाम भुगतने की चेतावनी दी थी। हालांकि नवम्बर 2025 में आरोपी और उसके बेटों ने पीड़िता के सामने हाथ जोड़कर अपनी इस घिनौनी करतूत के लिए माफी मांग ली थी। लेकिन माफी का यह नाटक केवल मामले को दबाने के लिए था।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में फर्जी दस्तावेज से लिया 2.11 करोड़ का लोन, जाली हस्ताक्षर का भी खुलासा; बैंक को लगी चपत

 

अगस्त 2026 में मुख्य आरोपी ने एक बार फिर पीड़िता की आबरू पर हाथ डालने का प्रयास किया। इस बार जब पीड़िता ने पूरी हिम्मत जुटाकर आरोपी का पुरजोर विरोध किया, तो मुख्य आरोपी दिला राम और उसके दो बेटों संतोष तथा नारायण दत्त की दरिंदगी खुलकर सामने आ गई। तीनों ने मिलकर पीड़िता, उसके पति और दोनों नन्हे-मुन्ने बच्चों को जान से खत्म करने की सीधी धमकी दे डाली।

पीड़िता के पास मोबाइल में कैद हैं पुख्ता सबूत

इस पूरे घटनाक्रम से डरी-सहमी पीड़िता ने आखिरकार कानून का दरवाजा खटखटाया। पीड़िता का दावा है कि आरोपियों की करतूतों और उनकी धमकियों का कच्चा चिट्ठा उसके मोबाइल में डिजिटल सबूत (ऑडियो/वीडियो रिकॉर्डिंग) के रूप में सुरक्षित है। पीड़िता यह सारे पुख्ता सबूत जांच के दौरान पुलिस को सौंपने जा रही है, जिससे आरोपियों का बचना नामुमकिन हो जाएगा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में नाई ने नशा बेच खड़ा किया साम्राज्य : गाड़ी-बंगला समेत 1.64 करोड़ की प्रॉपर्टी सीज

पुलिस ने दर्ज की BNS की सख्त धाराएं

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चौपाल पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी दिला राम शर्मा और उसके दोनों बेटों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 64(1) [दुष्कर्म] और 351(2) [आपराधिक धमकी] के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को कब्जे में लेकर मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें