#अपराध
September 6, 2026
हिमाचल: खड्ड में तैरती मिली शख्स की देह, हाथ में फंसा था मछली पकड़ने का जाल; पसरा मातम
तेज बहाव में बहने की जताई जा रही आशंका
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां पर एक युवक का शव बरामद हुआ है। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला मंडी के थुनाग बस अड्डे से सामने आया है। यहां पर आज रविवार को सुबह करीब 11:40 बजे कुछ स्थानीय लोगों ने खड्ड में एक शव तैरता हुआ देखा। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। मौके पर पहुंचे लोगों की मदद से शव की पहचान तुलसी राम पुत्र धर्म सिंह, निवासी गांव थुनाड़ी, तहसील थुनाग के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि मृतक के हाथ में मछली पकड़ने का जाल था। आशंका है कि खड्ड में मछली पकड़ते समय उनका पैर फिसल गया या संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद वह पानी के तेज बहाव में बहकर गहरे पानी में चले गए। हालांकि, हादसा कैसे हुआ, इसकी सही जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी।
SP विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि व्यक्ति खड्ड में किन परिस्थितियों में गिरा और उसकी मौत कैसे हुई।
घटना के बाद प्रशासन ने मृतक के परिवार की मदद के लिए 25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि दी है। एसडीएम संजीत शर्मा ने बताया कि घटना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।