#अपराध
September 6, 2026
हिमाचल में 32 साल के युवक की ह**त्या! मा..रपीट के बाद तोड़ा दम; पिता ने 3 युवकों पर लगाए आरोप
मेला देखने गया था अजय, वापस लौटते तीन युवकों ने की थी मारपीट
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला से रविवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पद्धर उपमंडल के गवाली कस्बे में 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट की बिल्डिंग में कुछ युवकों के साथ युवक की बहस हुई, जिसके बाद मारपीट हो गई। घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाए गए युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान अजय कुमार (32) पुत्र शेर सिंह निवासी गांव रोपा, चैहारघाटी, तहसील पद्धर के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक के पिता ने तीन युवकों पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता के बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
अजय कुमार शनिवार को हिमरी गंगा मेले में गया था। अजय के साथ उसका भाई भी मेले में गया था। उसका भाई शाम को वापस घर लौट आया, लेकिन अजय घर नहीं पहुंचा। रात करीब 12 बजे परिवार को फोन के जरिए जानकारी मिली कि अजय के साथ गवाली में कथित तौर पर कुछ युवकों की बहस और मारपीट हुई है और वह घायल है। उसे उपचार के लिए पद्धर अस्पताल लाया गया है। प्रारंभिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे जोनल अस्पताल मंडी रेफर कर दिया। परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे, लेकिन उनकी उम्मीद उस समय टूट गई जब उपचार के दौरान अजय की मौत की सूचना मिली।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 28 साल की विवाहिता ने म*रने से पहले किया पति के जुल्मों का खुलासा; मां के लिए तड़प रहे दो मासूम
जानकारी के अनुसार घटना शनिवार रात करीब 10 बजे गवाली स्थित एक रैस्टोरेंट की बिल्डिंग में हुई बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक इस मामले में बहस और मारपीट की बात सामने आई है। इसके बाद घायल अजय को उसके रिश्तेदार दिनेश कुमार और अन्य युवकों द्वारा पद्धर अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल पहुंचने के समय अजय के मुंह से खून और झाग निकल रहा था। डॉक्टरों ने उसका प्रारंभिक उपचार करने के बाद मेडिकल-लीगल रिपोर्ट तैयार की और उसे मंडी रेफर कर दिया। लेकिन मंडी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन से सूचना मिलने के बाद पुलिस रात में ही अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
बेटे की मौत के बाद अजय के पिता शेर सिंह ने पुलिस के समक्ष बयान दर्ज करवाया। उन्होंने आरोप लगाया कि नौहली निवासी साहिल, चमाह पधर निवासी नवीन और कटिपरी पधर निवासी आदित्य ठाकुर ने उनके बेटे के साथ बहस और मारपीट की, जिसके कारण उसकी मौत हुई। पिता ने पुलिस से तीनों युवकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनके आरोपों के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और मौत के पीछे की परिस्थितियां स्पष्ट हो पाएंगी।
पुलिस जांच में सामने आए प्रारंभिक तथ्यों के मुताबिक अजय अपने रिश्तेदार दिनेश कुमार के पास गवाली गया था। दिनेश की बिल्डिंग में रैस्टोरेंट संचालित होता है। बताया जा रहा है कि रैस्टोरेंट की बिल्डिंग में पहले से कुछ युवक मौजूद थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वहां मौजूद युवकों से रात होने और रैस्टोरेंट बंद होने को लेकर जाने का अनुरोध किया गया था। इसी बात को लेकर कथित तौर पर बहस शुरू हुई और बाद में मामला मारपीट तक पहुंच गया। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में वास्तव में क्या हुआ, किस वजह से विवाद बढ़ा और अजय की मौत किन परिस्थितियों में हुई—इन सभी पहलुओं की पुलिस बारीकी से जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल को जांच के दायरे में लिया है। रीजनल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम ने गवाली पहुंचकर मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
डीएसपी पद्धर लोकेंद्र नेगी और थाना प्रभारी पद्धर अनिल कटोच पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और वहां जांच की। गवाली पंचायत की प्रधान प्रोमिला देवी भी पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद रहीं। पुलिस ने मामले में नामजद तीनों युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि विवाद की शुरुआत से लेकर युवक की मौत तक की पूरी कड़ी को जोड़ा जा सके।
अजय कुमार के शव का मेडिकल कॉलेज नेरचौक में पोस्टमार्टम करवाया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। रविवार को पैतृक गांव रोपा दाढ़ी नाला में अजय कुमार का अंतिम संस्कार किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इससे युवक की मौत की वास्तविक वजह और चोटों की प्रकृति को लेकर पुलिस को आगे की जांच में मदद मिलने की उम्मीद है।