शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में घरेलू गैस सिलेंडरों की बढ़ती किल्लत अब आम लोगों के लिए दोहरी परेशानी बनती जा रही है। एक तरफ सप्लाई प्रभावित होने से लोग पहले ही जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अब चोरों ने भी सिलेंडरों को आसान निशाना बनाना शुरू कर दिया है।

गैस सिलेंडर की चोरी

ताजा मामला कसुम्पटी क्षेत्र से सामने आया है, जहां चोरों ने दिनदहाड़े एक घर से गैस सिलेंडर चोरी कर लिया। जबकि घर में रखा अन्य महंगा सामान बिल्कुल सुरक्षित छोड़ दिया। चोरों ने सिलेंडर के सिवा किसी भी सामान को छुआ तक नहीं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के डॉक्टरों ने रचा इतिहास : रोबोटिक सर्जरी कर कैंसर की मरीज को दिया नया जीवन

मंदिर गए थे दंपती

जानकारी के अनुसार, जलशक्ति विभाग से SDO पद से सेवानिवृत्त पी.सी. वर्मा अपनी पत्नी के साथ कसुम्पटी स्थित हिमुडा कॉलोनी के फ्लैट नंबर-1 में रहते हैं। बुधवार सुबह करीब 11 बजे दोनों कालीबाड़ी मंदिर में दर्शन के लिए घर से निकले थे। करीब ढाई बजे जब वे वापस लौटे, तो घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ मिला।

ताला तोड़ घर घुसे चोर

ताला टूटा देखकर दंपती घबरा गए और तुरंत अंदर जाकर स्थिति का जायजा लिया। शुरुआती नजर में घर का सारा सामान अपनी जगह पर सुरक्षित मिला, जिससे उन्हें कुछ राहत मिली। लेकिन जैसे ही वे रसोई में पहुंचे, वहां घरेलू गैस सिलेंडर गायब था।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : अगले 6 दिन जमकर होगी बारिश-बर्फबारी, आज चार जिलों में तेज आंधी-तूफान का अलर्ट

कीमती सामान को हाथ तक नहीं लगाया

इस घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरों ने घर में रखे महंगे सामान-जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य कीमती वस्तुओं को छुआ तक नहीं। इससे साफ संकेत मिलता है कि चोरी पूरी योजना के तहत की गई और निशाना सिर्फ गैस सिलेंडर ही था।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना तुरंत कसुम्पटी पुलिस चौकी को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्र में पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोर स्थानीय हैं या बाहरी, और क्या वे पहले से घर की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल सदन में पहली बार बोलीं मिसेज CM, स्पीकर ने भी की तारीफ- जानें क्या कुछ कहा

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

पीड़ित पी.सी. वर्मा के अनुसार, हाल के दिनों में इसी तरह की घटनाएं और भी सामने आई हैं। कृष्णानगर इलाके में भी कुछ दिन पहले घरवालों की गैरमौजूदगी में दो गैस सिलेंडर चोरी किए गए थे। उस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया था, जिससे यह अंदेशा और गहरा हो गया है कि शहर में सिलेंडर चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय हो सकता है।

किल्लत ने बढ़ाई चोरी की घटनाएं

विशेषज्ञों का मानना है कि गैस सिलेंडरों की सप्लाई में आई कमी और बढ़ती मांग के कारण अब इनकी कालाबाजारी भी बढ़ रही है। ऐसे में चोर आसानी से सिलेंडर बेचकर पैसा कमा रहे हैं, जिससे इस तरह की घटनाओं में इजाफा हो रहा है।

यह भी पढ़ें : US-IRAN के बीच चल रहा तनाव : हिमाचल की बेटी को आया बुलावा, जानें क्या है पूरा मामला

लोगों में डर, सतर्कता की जरूरत

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने शिमला के लोगों में डर का माहौल बना दिया है। खासकर वे परिवार जो दिन में घर खाली छोड़कर बाहर जाते हैं, अब अधिक सतर्क रहने लगे हैं।एक ओर जहां पुलिस के सामने इन वारदातों को रोकना चुनौती बनता जा रहा है, वहीं प्रशासन के लिए भी गैस सिलेंडरों की सप्लाई को सुचारू रखना जरूरी हो गया है, ताकि ऐसी चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।

सावधानी ही बचाव

  • घर से बाहर जाते समय दरवाजे-खिड़कियों की अच्छी तरह जांच करें
  • संदिग्ध लोगों पर नजर रखें
  • पड़ोसियों को सूचित कर जाएं
  • गैस सिलेंडर को सुरक्षित स्थान पर रखें

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें