चंबा। एक ही कमरे में चार साल से साथ रह रहे दो लोगों की कहानी अचानक ऐसी घटना में बदल गई, जिसने पूरे इलाके को सवालों के घेरे में ला दिया है। हिमाचल प्रदेश के चंबा के सरोल पंचायत स्थित गोल्टी गांव में मंगलवार रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
लिव-इन में रह रही थी 2 बच्चों की मां
युवक का शव किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पुलिस ने उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला को हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर कमरे के अंदर ऐसा क्या हुआ, जिसके बाद युवक की जान चली गई।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : छुट्टी पर घर आए 29 वर्षीय फौजी की मौ**त, खेत में मिली देह- सदमे में परिवार
किराए के कमरे में मिली देह
मृतक की पहचान चुराह क्षेत्र के सालवी गांव निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनिल पिछले करीब चार वर्षों से रितु कुमारी के साथ गोल्टी गांव में किराए के कमरे में रह रहा था। रितु अपने दो बच्चों के साथ वहां रहती थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मैगी बनाने को कहा और फिर....
पुलिस को दिए बयान में रितु ने बताया कि घटना से कुछ देर पहले अनिल उसके कमरे में आया था। उसने रितु से मैगी बनाने को कहा और अपनी छह वर्षीय बेटी को दूसरे कमरे में सुलाने के लिए कहा।
यह भी पढ़ें- हिमाचल के मंदिर में चोरी : पुजारी ही निकला चोर, सोने का छत्र-गहने गायब- कोर्ट ने सुनाई सजा
बेटी को सुलाने भेजा दूसरे कमरे
रितु के अनुसार, वह बेटी को दूसरे कमरे में सुलाने के बाद वापस कमरे में लौटी तो अनिल फंदे से लटका हुआ मिला। उसने उसे नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन फंदा कसकर बंधा होने के कारण वह उसे खोल नहीं पाई।
चार साल से लिव-इन में रह रहे थे
रितु ने पुलिस को बताया कि वह और अनिल करीब चार वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। उसके अनुसार इस संबंध की जानकारी उसके पति को भी थी। घटना के बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को भी खंगाल रही है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल के युवाओं को राहत- होमगार्ड की भर्ती आयु सीमा बढ़ी, सरकार ने दी 5 साल की छूट
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस युवक की मौत से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
