चंबा। हिमाचल प्रदेश में शातिर नशे की तस्करी करने को नए नए जुगाड़ लगा रहे हैं। कभी सरकारी बसों में नशा तस्करी की जा रही है, तो कभी यात्री वाहनों में नशा ढोया जा रहा है। कुछ ऐसा ही मामला हिमाचल के चंबा जिला से सामने आया है। यहां एक सवारियां ढोने वाली विंगर गाड़ी में तस्कर शराब की खेप ढो रहा था। चालक ने शायद यह सोचा था कि पुलिस यात्री वाहन समझ कर उसे नहीं रोकेगी। लेकिन हुआ उसके उल्ट, पुलिस ने चालक को रोक लिया और उसके कब्जे से नशे की खेप को जब्त कर लिया।
यात्री वाहन में मिली अवैध शराब की खेप
मामला चंबा जिला के भटियात क्षेत्र से सामने आया है। पुलिस को नैनीखड्ड-समलेऊ मार्ग पर उस समय बड़ी सफलता मिली, जब एक यात्री विंगर वाहन से भारी मात्रा में देसी शराब बरामद की गई। पुलिस चौकी बकलोह के प्रभारी एएसआई सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम बीते रोज शाम के समय नैनीखड्ड-समलेऊ मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पठानकोट की ओर से आ रही एक विंगर को जीरो पॉइंट पर जांच के लिए रोका गया। वाहन रुकते ही चालक की घबराहट देखकर पुलिस को शक हुआ।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: भाई की तड़प-तड़प कर गई थी जा*न, इस दर्द को ताकत बनाकर अंजू बनी एंबुलेंस चालक
तीन बैगों में छिपाई गई थीं पेटियां
पुलिस ने वाहन की पूरी तरह जांच की तो उसमें रखे तीन बड़े बैगों से 10 पेटियां अवैध देसी शराब की बरामद हुईं। पूछताछ करने पर चालक कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी की पहचान अनुज कुमार पुत्र किशन चंद निवासी लुथनू के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में शेयर हो रहा मासूम गोलू के नाम का स्कैनर, चंदा मांग अपनी जेब भर रहे शातिर
यात्री वाहनों में बढ़ रही नशा तस्करी
पुलिस का कहना है कि हाल के महीनों में नशा तस्कर यात्री वाहनों का इस्तेमाल ज्यादा कर रहे हैं, ताकि वे पुलिस की नजरों से बच सकें। उनका मानना होता है कि पुलिस निजी वाहनों की तुलना में सार्वजनिक या यात्री वाहनों को कम रोकती है। लेकिन इस कार्रवाई ने साबित किया कि पुलिस अब हर वर्ग के वाहन पर समान रूप से निगरानी कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चल रहे नशे के व्यापार से युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ रहा है, इसलिए ऐसी सख्त कार्रवाई बेहद आवश्यक है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की शादी में चोर बाराती- दुल्हन की गाड़ी का पीछा कर उड़ाए गहने, पुलिस ने पकड़ा मास्टरमाइंड
वाहन और शराब जब्त, मामला दर्ज
पुलिस ने शराब और वाहन दोनों को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना चुवाड़ी में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि डीएसपी डल्हौजी मयंक शर्मा ने की है। इस कार्रवाई ने नशा तस्करों को स्पष्ट संदेश दिया है कि पुलिस की पैनी निगाहों से बच पाना अब आसान नहीं होगा, चाहे तस्कर कितनी भी चतुराई क्यों न दिखाएं।
