शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के मालरोड पर एक महिला के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 23 सितंबर को सामने आए वीडियो में एक व्यक्ति महिला के साथ कथित तौर पर मारपीट करता दिखाई दे रहा था।

वायरल वीडियो पर पुलिस का एक्शन

वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद शिमला पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और इसकी सत्यता की जांच शुरू की। प्रारंभिक तस्दीक के बाद पुलिस थाना सदर शिमला में इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: पिता के बाद अब 18 वर्षीय बेटी की भी सतलुज नदी में मिली देह, 12 दिन से थे लापता

विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज

मामले में पुलिस ने मामले में BNS की धारा 74, 79 और 115(2) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो को आधार बनाकर घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों को भी एकत्र किया जा रहा है।

वीडियो के आधार पर शुरू हुई जांच

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सार्वजनिक स्थान पर एक व्यक्ति महिला के साथ मारपीट करता नजर आ रहा था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने सबसे पहले घटना की तस्दीक करने की प्रक्रिया शुरू की। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई देने वाले महिला और पुरुष की पहचान की गई।

यह भी पढ़ें-  हिमाचल के शौर्यन को GOOGLE में मिली नौकरी: सालाना 50 लाख का पैकेज, परिवार में खुशी

पुलिस ने थाने बुलाए दोनों

इसके बाद दोनों को पूछताछ के लिए पुलिस थाना सदर शिमला बुलाया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताया। दोनों ने पुलिस को जानकारी दी कि उनका विवाह इसी वर्ष मई महीने में हुआ था और वे पहली बार शिमला घूमने के लिए आए थे।

महिला के बयान किए दर्ज

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने महिला से घटना के संबंध में अलग से पूछताछ की और उसका बयान दर्ज किया। पुलिस ने वायरल वीडियो को भी सुरक्षित कर लिया है। इसके अलावा घटना से जुड़े जरूरी इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को संकलित किया जा रहा है, ताकि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों का आपस में मिलान किया जा सके।

यह भी पढ़ें- आजादी के बाद भी सड़क से दूर हैं हिमाचल के ये गांव : देह पहुंचाना भी कठिन, हजारों लोग परेशान

किस जगह का है वीडियो?

पुलिस घटनास्थल की भी जांच कर रही है। दरअसल, पुलिस का लक्ष्य यह पता लगाना है कि घटना वास्तव में किस स्थान पर और किन परिस्थितियों में हुई। जांच में उपलब्ध वीडियो, महिला के बयान और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को शामिल किया जा रहा है।

पति के खिलाफ कार्रवाई

पुलिस के अनुसार अब तक की जांच में सामने आए तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मोहाली, पंजाब निवासी अनमोल खोसला के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत पाबंद किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दर्ज मामले में कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल की सड़कों पर दौड़ेंगी 350 नई बसें- पुरानी होंगी बेड़े से बाहर, कल लिया जाएगा फैसला

मामले में पुलिस जांच जारी

वहीं, पुलिस ने यह भी कहा है कि मामले की जांच अभी जारी है। ऐसे में जांच पूरी होने से पहले घटना के संबंध में किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की परिस्थितियों को स्पष्ट करने में जुटी है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

मालरोड जैसे सार्वजनिक और पर्यटन स्थल पर सामने आए इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ था। पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए अब मामले को कानूनी जांच के दायरे में लिया है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें