शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में छात्र संगठनों के बीच चल रहा तनाव मंगलवार को एक बार फिर सामने आया। विश्वविद्यालय के कुलपति कार्यालय परिसर में उस समय पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा- जब दो छात्रों के पास तलाशी के दौरान दराट और रॉड मिलने की बात सामने आई। पुलिस ने मामले में सात छात्रों को हिरासत में लिया है।

दो गुटों के बीच हुई कहासुनी

बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर से ही विश्वविद्यालय परिसर में दो छात्र संगठनों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी। करीब 2:30 बजे कानून विभाग में एक छात्र और SFI कार्यकर्ता के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद मामला शांत नहीं हुआ और शाम के समय एक अन्य छात्र को लेकर SFI कार्यकर्ताओं के साथ फिर विवाद हो गया।

यह भी पढ़ें- ज्वालामुखी मंदिर में अब बैग और पानी की बोतल ले जाने पर रोक; प्रवेश से पहले होगी तलाशी

बैग से मिले दराट और रॉड

जानकारी के अनुसार, शाम के समय SFI से जुड़े अखिल और आदित्य कुलपति कार्यालय परिसर की तरफ पहुंचे थे। विश्वविद्यालय में तैनात पुलिसकर्मियों ने दोनों को रोककर उनके सामान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके बैग से दराट और रॉड मिलने का दावा किया गया।

7 छात्र हुए गिरफ्तार

इसके बाद पुलिस ने दोनों छात्रों समेत SFI से जुड़े कुल सात कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई और अतिरिक्त पुलिस बल की मौजूदगी भी देखी गई।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में कल से फिर बारिश : लगातार 5 दिन बरसेंगे बादल, जानें कब विदा होगा मानसून

एक-दूसरे पर जड़े आरोप

मामले को लेकर दोनों छात्र संगठनों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दिन में शुरू हुआ विवाद शाम तक किस तरह बढ़ा।

SFI ने दी अपनी सफाई

SFI परिसर इकाई अध्यक्ष मुकेश ने पुलिस कार्रवाई को लेकर संगठन का पक्ष रखा। उनका कहना है कि अखिल और आदित्य किसी निजी काम से कुलपति कार्यालय परिसर गए थे। उनके मुताबिक दोनों का किसी से विवाद करने या लड़ाई करने का इरादा नहीं था।

यह भी पढ़ें: हिमाचल : घर से बिना बताए दिल्ली भागे भाई-बहन, 7 दिन बाद मिले- स्कूली छात्र हैं दोनों

छात्रों के पक्ष में रखी बात

मुकेश ने यह भी कहा कि छात्रों के बैग से बरामद किए जाने वाले सामान को लेकर जो बात सामने आ रही है। उसका इस्तेमाल किसी विवाद के लिए करने की मंशा नहीं थी। SFI ने हिरासत में लिए गए छात्रों के पक्ष में अपनी बात रखी है।

ABVP ने लगाए गंभीर आरोप

वहीं, ABVP  परिसर अध्यक्ष अक्षय ठाकुर ने SFI पर विश्वविद्यालय का माहौल खराब करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि SFI से जुड़े कार्यकर्ताओं का आम छात्रों और अन्य छात्र संगठनों के साथ लगातार विवाद हो रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से विश्वविद्यालय के शांतिपूर्ण शैक्षणिक वातावरण पर असर पड़ता है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में खुल रहे नए राशन डिपो : जानिए, कब तक- कौन कर सकता है आवेदन

परिसर में बढ़ी सुरक्षा

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। विश्वविद्यालय परिसर में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि छात्रों के पास मिले बताए जा रहे सामान को लेकर वास्तविक स्थिति क्या थी और दिनभर हुए विवाद में किन छात्रों की क्या भूमिका रही।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें