सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। नालागढ़ में एक बुजुर्ग दंपती को शातिरों ने दो दिन तक डिजिटल अरेस्ट करके रखा और उनसे 72.10 लाख रुपये ठग लिए। बैंक मैनेजर ने भी उन्हें पैसे ट्रांसफर करने से रोकने की कोशिश की, लेकिन डर के कारण दंपती ने उनकी बात नहीं मानी।

घर में दो दिन तक डिजिटल अरेस्ट रहे दंपती

शातिरों ने दंपती को फोन कर उन्हें डराया और कहा कि उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों में हुआ है। इसके बाद उन्हें जांच के नाम पर घर में ही डिजिटल अरेस्ट कर दिया गया। आरोपियों ने दंपती से बैंक खाते, आधार कार्ड और पैन कार्ड से जुड़ी जानकारी भी ले ली।

यह भी पढ़ें- मणिमहेश यात्रा पर आए दो श्रद्धालुओं की थमी सांसें, लंगर सेवा करते पड़ा दिल का दौरा

NIA अधिकारी बनकर किया फोन

बताया जा रहा है कि 5 सितंबर को दंपती के पास फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को NIA चीफ प्रकाश अग्रवाल बताया और कहा कि दंपती एंटी टेररिज्म स्क्वायड के रडार पर हैं। शातिरों ने उनसे कहा कि सुरक्षा जांच के नाम पर 72 लाख 10 हजार रुपये एक खाते में जमा करवाने होंगे। साथ ही उनसे एक दस्तावेज में खुद को बीमार बताने के लिए भी कहा गया।

बैंक मैनेजर ने आधे घंटे तक समझाया

जब दंपती अपनी एफडी तुड़वाने बैंक पहुंचे तो बैंक मैनेजर सौरभ मोक्टा को शक हुआ। उन्होंने करीब आधे घंटे तक दंपती को समझाया और पैसे ट्रांसफर न करने की सलाह दी। दंपती ने बताया कि उन्हें संपत्ति खरीदनी है। काफी समझाने के बाद भी वे नहीं माने और आखिरकार 72.10 लाख रुपये शातिरों के खाते में जमा कर दिए।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में अब डाकिया नहीं, ड्रोन पहुंचा रहा चिट्ठियां : 10 मिनट में घर-घर पहुंच रही डाक

पेंशनर्स ग्रुप में दस्तावेज डालने के बाद खुला ठगी का राज

ठगी का पता तब चला जब दंपती ने गलती से पेंशनर्स के एक ग्रुप में कुछ दस्तावेज डाल दिए। इसके बाद उन्हें पता चला कि उनके साथ साइबर ठगी हो चुकी है। दंपती ने ग्रुप में मदद की अपील भी की।

पैसे वापस होने से पहले ही हैकरों ने कर दिए ट्रांसफर

इसके बाद पंजाब नेशनल बैंक के सेवानिवृत्त प्रबंधक अश्वनी घई दंपती के घर पहुंचे। उन्होंने काफी समझाने के बाद पूरी घटना की जानकारी ली और बैंक को इसकी सूचना दी। हालांकि, तब तक हैकर ठगी की रकम को दूसरे खातों में ट्रांसफर कर चुके थे।

यह भी पढ़ें- परिवार ने किया था केस, कोर्ट में मुकर गई बेटी; पति, सास-ससुर हुए बरी

पुलिस हेल्पलाइन 1930 पर दर्ज कराई शिकायत

घटना के बाद दंपती ने साइबर ठगी की शिकायत पुलिस हेल्पलाइन 1930 पर दर्ज कराई है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और ठगी की रकम को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।