सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एक गंबर खड्ड में एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शेर सिंह राणा, निवासी गांव ब्योलिया जिला शिमला के रूप में हुई है। हादसा उस वक्त हुआ जब वह अपने साथियों के साथ मछली पकड़ने के लिए खड्ड में करंट का सहारा ले रहा था।

दोस्तों के साथ खड्ड में डाला था करंट

प्राप्त जानकारी के अनुसार शेर सिंह राणा अपने मित्रों टेक बहादुर, युवराज और प्रेमचंद के साथ धार सेरी गांव के पास गंबर खड्ड में मछली पकड़ने गया था। स्थानीय सूत्रों के अनुसार इन लोगों ने एक नजदीकी घर से अवैध रूप से बिजली का तार खड्ड में डाला ताकि मछलियों को करंट से मारा जा सके।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बिगड़े हालात: नाले से आए मलबे में आधी दफन हुई सवारियों से भरी बस; मची चीख पुकार

करंट की चपेट में आया व्यक्ति

मछली पकड़ने के बाद जब सभी लोग वापसी की तैयारी में थे, तब शेर सिंह राणा तार समेटने लगा। लेकिन दुर्भाग्यवश तार बीच में से कटा हुआ था और उसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। जैसे ही उसने तार को हाथ में लिया, उसे जोरदार झटका लगा और वह मौके पर ही गिर पड़ा। साथियों ने तुरंत शोर मचाया और परिजनों को सूचित किया। मृतक का शव खड्ड किनारे मिला।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में तबाही के बीच एक और दुखद खबर: दो मासूम बच्चे पानी में डूब गए

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही शेर सिंह के छोटे भाई प्रताप राणा मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचित किया और बताया कि टेक बहादुर ने उन्हें हादसे के बारे में बताया था। एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट के बीच हवाई सेवाएं ठप : 142 सड़कें बंद, 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

प्रतिबंध के बाद भी कर रहे थे मछली का शिकार

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में 15 अगस्त तक मछलियों के शिकार पर पूरी तरह से रोक लगाई है। बावजूद इसके कुछ लोग मछलियों का अवैध तरीके से शिकार कर रहे हैं। यह घटना भी मछली शिकार पर लगे प्रतिबंधों की अनदेखी की एक और मिसाल बनकर सामने आई है। सरकार ने मानसून के दौरान नदियों और खड्डों में मछली शिकार पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया हुआ है ताकि मछलियों की प्रजनन प्रक्रिया प्रभावित न हो। इसके बावजूद कई इलाकों में लोग चोरी.छिपे खड्डों में करंट या केमिकल से मछली मारने जैसे खतरनाक तरीके अपना रहे हैं, जो न केवल पर्यावरण के लिए घातक हैं, बल्कि जानलेवा भी साबित हो रहे हैं।

 

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।