#अपराध
October 9, 2026
हिमाचल: डेढ़ साल पहले जेल से फरार कैदी घर में घुसा, परिवार को बनाया बंधक; 25 हजार का है इनाम
डेढ़ साल पहले जेल से फरार हो गया इब्राहिम, पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। चुराह उपमंडल के नरेड़ गांव में करीब डेढ़ साल पहले जेल से फरार हुआ एक आरोपी इब्राहिम अचानक हथियारों के साथ ग्रामीण के घर में घुस गया। परिवार के सदस्यों के मुताबिक, आरोपी ने उन्हें धमकाकर करीब आधे घंटे तक घर के भीतर डर के साये में रखा। उसने विस्फोटक होने का दावा भी किया और परिवार के लोगों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद वह घर का दरवाजा बाहर से बंद कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल की ओर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। आरोपी की तलाश में आसपास के रिहायशी इलाकों और जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस ने फरार आरोपी की जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए 25 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया है। साथ ही सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखने की बात कही गई है।
जानकारी के अनुसार, वीरवार देर शाम नरेड़ गांव की निवासी दिलदारो अपने ससुर बशीर के साथ घर के आंगन में पशुओं से जुड़ा काम कर रही थीं। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति अचानक उनके घर में दाखिल हो गया। परिजनों के मुताबिक, उसकी लंबी दाढ़ी थी और उसने काले रंग का कोट, स्लेटी कुर्ता-पायजामा तथा काली पगड़ी पहन रखी थी। उसके हाथों में हथियार देखकर परिवार के सदस्य घबरा गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सख्त हो गए ट्रैफिक नियम, 45 दिन में भरना होगा चालान, नहीं तो ब्लॉक होगी RC और DL
जब घरवालों ने उससे पूछताछ की, तो उसने कथित तौर पर अपना नाम इब्राहिम बताया और खुद को जेल से फरार अपराधी होने की बात कही। इसके बाद उसने परिवार को धमकाना शुरू कर दिया। उसने दावा किया कि उसके पास विस्फोटक भी है, जिससे परिवार के लोगों में डर और बढ़ गया।
परिवार के अनुसार, आरोपी करीब आधे घंटे तक घर में मौजूद रहा। इस दौरान उसने महिला का मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया और उससे किसी रसीलो नाम के व्यक्ति को कॉल की। बातचीत के दौरान उसने कथित तौर पर कहा कि वह अब धार-पठानकोट की तरफ जा रहा है। इसके बाद उसने परिवार के कुछ अन्य सदस्यों को भी फोन पर धमकाया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: अस्पताल में जच्चा बच्चा की मौ**त, पीछे छूटा 5 साल का मासूम; परिजनों ने देह लेने से किया इंकार
आरोपी की हरकतों से परिवार के लोग सहमे रहे और उसके वहां से निकलने का इंतजार करते रहे। कुछ देर बाद वह घर का दरवाजा बाहर से बंद कर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग गया। उसके जाने के बाद परिजनों ने किसी तरह खिड़की के रास्ते बाहर निकलकर पुलिस चौकी नकरोड़ को घटना की सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद नकरोड़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। इसके बाद आसपास के रिहायशी क्षेत्रों और जंगलों में आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस संभावित रास्तों और ठिकानों पर उसकी मौजूदगी का पता लगाने में जुटी है।
आरोपी के हथियारों के साथ घर में घुसने और परिवार को धमकाने की सूचना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाई है और लोगों से अपील की है कि संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर खुद उसका सामना करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इब्राहिम का पहले भी आपराधिक मामला सामने आ चुका है। करीब डेढ़ साल पहले उस पर नरेड़ गांव की ही एक युवती को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर अगवा करने का आरोप लगा था। इस संबंध में महिला थाना चंबा में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में राजपुरा जेल भेज दिया था।
हालांकि, कुछ समय बाद वह जेल से फरार हो गया और तब से पुलिस उसकी तलाश कर रही है। अब नरेड़ गांव में उसके दोबारा सामने आने की सूचना ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल, उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश अभियान जारी है।
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस बल को अलर्ट कर दिया गया है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। फरार आरोपी की जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए 25,000 रुपये का नकद इनाम घोषित किया गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : 60 हजार रिश्वत लेते पकड़ा पुलिस चौकी अफसर, कोर्ट ने सुनाई सख्त सजा
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को आरोपी के बारे में कोई जानकारी मिलती है, तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करे। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस की अपील: आरोपी के हथियारबंद होने की सूचना को देखते हुए लोग सतर्क रहें। संदिग्ध व्यक्ति नजर आने पर उसके करीब जाने या उसे पकड़ने का प्रयास न करें और तत्काल पुलिस को जानकारी दें।