सोलन। हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक जिला सोलन में एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। यहां निजी कंपनी में काम करने वाली एक 21 वर्षीय युवती अपने कमरे में संदिग्ध हालत में मृत मिली। बताया जा रहा है कि उसकी सहेली बाहर से लगातार दरवाजा खटखटाती रही, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। बाद में पुलिस ने दरवाजा तोड़कर युवती का शव बरामद किया।
दरवाजा तोड़कर किया अंदर प्रवेश
मिली जानकारी के अनुसार, सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में एक 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की घटना मानपुरा थाना क्षेत्र के खेड़ा स्थित एक निजी धागा निर्माण कंपनी की है, जहां कंपनी परिसर में बने कमरे के अंदर युवती मृत पाई गई।
यह भी पढ़ें : नगर निगम चुनाव ‘सेमीफाइनल’: CM सुक्खू का बड़ा चुनावी दांव, जीते तो हर वार्ड को देंगे 50-50 लाख रुपये
स्थिति संदिग्ध लगने पर सहेली ने अन्य कर्मचारियों और कंपनी प्रबंधन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया। मानपुरा थाना की टीम जब घटनास्थल पर पहुंची तो दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। कमरे के भीतर कांति देवी मृत अवस्था में मिली। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।
रूममेट भोजन करने के लिए गई हुई थी बाहर
मृतका की पहचान झारखंड निवासी कांति देवी के रूप में हुई है, जो कंपनी में काम करती थी और अपनी एक सहकर्मी के साथ कमरे में रहती थी। शाम के समय उसकी रूममेट भोजन करने के लिए बाहर गई हुई थी। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटी तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। उसने लगातार दरवाजा खटखटाया और आवाजें दीं, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
यह भी पढ़ें : सोना खरीदने से कौन रोक सकता है? PM मोदी की अपील पर बोले CM सुक्खू- यह हमारी संस्कृति का हिस्सा
पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। बताया जा रहा है कि परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।
पुलिस कर रही हर पहलू की जांच
उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अभी तक मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। वहीं, कंपनी में काम करने वाले अन्य श्रमिकों में घटना के बाद डर और दुख का माहौल बना हुआ है।
