शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस की मुहिम लगातार तेज हो रही है] लेकिन इसके साथ ही एक चिंताजनक पहलू भी सामने आ रहा है। आए दिन बाहरी राज्यों से जुड़े नशा तस्कर प्रदेश में पकड़े जा रहे हैं, जो यहां अपने नेटवर्क फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी कड़ी में राजधानी शिमला से एक बड़ा मामला सामने आया है।
नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध गाड़ी पकड़ी
जिला शिमला के थाना कुमारसैन क्षेत्र में पुलिस ने नियमित गश्त और नाकाबंदी के दौरान हरियाणा नंबर की एक इनोवा गाड़ी को जांच के लिए रोका। गाड़ी में तीन संदिग्ध व्यक्ति सवार थे, जिनकी गतिविधियां पुलिस को शक के दायरे में लगीं।
यह भी पढ़ें : केंद्र की मोदी सरकार ने सुक्खू सरकार को दिया बड़ा तोहफा, करोड़ों के इस प्रोजेक्ट को दी मंजूरी
अफीम के साथ 12 लाख की नकदी बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के कब्जे से 9.28 ग्राम अफीम बरामद हुई। लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वाहन से करीब 12 लाख रुपये की नकदी भी मिली। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद पुलिस को यह आशंका है कि यह रकम नशे के कारोबार से जुड़ी हो सकती है या किसी बड़ी डील के लिए लाई जा रही थी।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, जांच तेज
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी नेपाली मूल के हैं और बाहरी राज्य से हिमाचल पहुंचे थे। वाहन और बरामद नकदी को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
यह भी पढ़ें : IPL में अंतरराज्यीय सट्टेबाजी रैकेट का पर्दाफाश: हिमाचल से पूरे देश में हो रहा था ऑपरेट; 16 आरोपी धरे
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 और 29 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले को केवल एक गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसके पीछे छिपे पूरे नेटवर्क को उजागर करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह नशा कहां से आया और कहां सप्लाई होना था।
यह भी पढ़ें : मोदी सरकार हिमाचल के मेडिकल कॉलेजों में बढ़ाएगी पीजी सीटें, प्रति सीट देगी 1.50 करोड़
इस कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि हिमाचल में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस पूरी तरह सतर्क है और बाहरी राज्यों से आने वाले तस्करों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अब देखना यह होगा कि जांच में इस नेटवर्क से जुड़े और कितने चेहरे सामने आते हैं।
