#अपराध

April 9, 2026

हिमाचल: नर्सिंग छात्रा मामले का आरोपी युवक गिरफ्तार, 3 दिन पहले युवती को होटल ले गया था

पुलिस ने चंडीगढ़ से दबोचा आरोपी युवक 

शेयर करें:

Nursing girl mandi

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर में नर्सिंग प्रशिक्षु छात्रा दिव्य ज्योति सैनी की आत्महत्या मामले में पुलिस ने अहम सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी बनाए गए युवक ललित कुमार को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। अब इस सनसनीखेज मामले की जांच एक नए मोड़ पर पहुंच गई है।

 

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी युवक आत्महत्या से ठीक तीन दिन पहले नर्सिंग छात्रा को एक होटल में लेकर गया था। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि आखिर उस होटल में ऐसा क्या हुआ, जिसके तीन दिन बाद छात्रा ने आत्महत्या कर ली। पुलिस जांच में अब बड़ी बात सामने आई है। जांच में पता चला है कि आरोपी युवक इस युवती को एक होटल में ले गया था, उसके बाद से युवती परेशान थी।

क्या है मामला

मंडी जिला के सुंदरनगर में सात अप्रैल को 22 साल की नर्सिंग प्रशिक्षु छात्रा दिव्य ज्योती सैनी ने आत्महत्या कर ली थी। मृतका ने आत्महत्या करने से पहले एक सुसाइड नोट भी छोड़ा था, जिसमें पठानकोट के एक युवक पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने सहित कई गंभीर आरोप लगाए थे। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : नर्सिंग ट्रेनी दिव्य ने खत्म किया अपना जीवन, पंजाबी युवक कर रहा था परेशान- कमरे से मिला NOTE

चंडीगढ़ से दबोचा आरोपी युवक

युवती की आत्महत्या के बाद से ही आरोपी ललित कुमार फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी मोबाइल लोकेशन ट्रेस की, जो चंडीगढ़ में पाई गई। मंडी पुलिस की एक विशेष टीम ने तुरंत दबिश देकर उसे वहां से गिरफ्तार किया। आरोपी चंडीगढ़ में नौकरी करता है और पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर कड़ाई से पूछताछ करने की तैयारी में है।

होटल में ले गया था युवक

मामले की जांच के दौरान पुलिस को एक अहम बात पता चली है। पुलिस को पता चला है कि सात अप्रैल को युवती ने आत्महत्या की थी, लेकिन उससे ठीक तीन दिन पहले चार अप्रैल को युवक इस युवती को एक होटल में लेकर गया था। जांच में सामने आया है कि ललित ने छात्रा पर मानसिक दबाव बनाया और उसे जबरन अस्पताल से बाहर बुलाया। उसके बाद वह उसे एक होटल में ले गया। 

 

यह भी पढ़ें : पंचायत चुनाव से पहले हिमाचल आएंगे राहुल गांधी, कांग्रेस नेताओं में भरेंगे जोश; देंगे जीत का मंत्र

होटल में आखिर क्या हुआ युवती के साथ

पुलिस अब इस एंगल पर बारीकी से काम कर रही है कि आखिर उस दिन होटल के कमरे में दिव्य ज्योति के साथ ऐसा क्या हुआ, जिससे वह इतनी आहत हो गई कि उसने मौत को गले लगाना बेहतर समझा। क्या वहां कोई शारीरिक प्रताड़ना हुई या फिर उसे किसी चीज के लिए ब्लैकमेल किया गया। पुलिस के सामने कई तरह के सवाल हैं, जिनका जवाब पुलिस जल्द ही ढूंढने का प्रयास कर रही है।

लगातार फोन कॉल्स से बढ़ता गया तनाव

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी युवक छात्रा को बार-बार फोन कर संपर्क करने की कोशिश करता था। युवती उससे बात नहीं करना चाहती थी, इसके बावजूद आरोपी उसे लगातार कॉल कर परेशान करता रहा। यह लगातार मानसिक दबाव ही उसके तनाव का बड़ा कारण बनता गया। पुलिस अब कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के माध्यम से इस पूरे घटनाक्रम को जोड़ने में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार को हाईकोर्ट का एक और बड़ा झटका, उद्योगों के बढ़ाए बिजली शुल्क पर लगाई रोक

सुसाइड नोट में गंभीर आरोपों का जिक्र

मृतका द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है। नोट में आरोपी युवक पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं, जिनकी पुष्टि के लिए पुलिस हर संभव साक्ष्य जुटा रही है। युवती के परिजनों द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था। परिजनों का आरोप है कि युवक लंबे समय से उनकी बेटी को फोन के जरिए परेशान कर रहा था और उसे बार.बार मिलने के लिए मजबूर करता था। 

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू मुझे मरवाना चाहते हैं- सड़क पर कांग्रेस नेता ने काटा बवाल, पुलिस पर किडनैपिंग के आरोप

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस इस मामले को बेहद संवेदनशील मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ घटनास्थल, होटल और आरोपी के पिछले व्यवहार की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच का उद्देश्य केवल आरोपी को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि इस पूरे मामले की सच्चाई को सामने लाना है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

एसपी मंडी का बयान

एसपी मंडी विनोद कुमार ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि उसे न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े कई अहम तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है और पुलिस पूरी गंभीरता से इस केस को अंजाम तक पहुंचाने में लगी हुई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में 'थर्ड फ्रंट' की आहट से भाजपा में खलबली, लिया बड़ा फैसला; बागियों की होगी घर वापसी

परिवार को न्याय का इंतजार

इस दुखद घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में है और उन्हें अपनी बेटी के लिए न्याय का इंतजार है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिवार को कुछ उम्मीद जरूर जगी है, लेकिन असली सच्चाई सामने आने और दोषी को सजा मिलने के बाद ही उन्हें संतोष मिल पाएगा। वहीं, यह मामला समाज में बढ़ती ऐसी घटनाओं पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख