#अपराध
April 10, 2026
IPL में अंतरराज्यीय सट्टेबाजी रैकेट का पर्दाफाश: हिमाचल से पूरे देश में हो रहा था ऑपरेट; 16 आरोपी धरे
50 लाख से अधिक का इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त
शेयर करें:

सोलन/बलौदाबाजार। आईपीएल क्रिकेट का खुमार हिमाचल प्रदेश सहित पूरे देश और दुनिया में सिर चढ़कर बोल रहा है। इसी लोकप्रियता का फायदा उठाकर अब सट्टेबाजी के संगठित गिरोह भी सक्रिय हो गए हैं। ड्रीम इलेवन और माई सर्किल जैसे प्लेटफॉर्म्स के बंद होने के बाद अवैध ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क तेजी से पनपने लगे हैं। ऐसा ही एक बड़ा मामला सामने आया है] जिसमें हिमाचल से पूरे देश में सट्टा चलाने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है।
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिला पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय सट्टेबाजी रैकेट का पर्दाफाश करते हुए 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि यह गिरोह हिमाचल प्रदेश से संचालित हो रहा था और देश के अलग-अलग राज्यों में ऑनलाइन सट्टा फैलाया गया था।
यह भी पढ़ें : मोदी सरकार हिमाचल के मेडिकल कॉलेजों में बढ़ाएगी पीजी सीटें, प्रति सीट देगी 1.50 करोड़
मामले की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस टीम हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के परवाणू पहुंची, जहां एक किराए के मकान से इस पूरे नेटवर्क का संचालन किया जा रहा था। यहां छापेमारी के दौरान 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जो उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, नेपाल और छत्तीसगढ़ जैसे अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े हुए थे। हालांकि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक भी हिमाचल का निवासी नहीं है।

पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब बलौदाबाजार जिला में भाटापारा रेलवे स्टेशन के पास एक आरोपी को मोबाइल के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा चलाते हुए पकड़ा गया। उसके मोबाइल की तकनीकी जांच में “RUVIBET” नामक पैनल आईडी का इस्तेमाल सामने आया, जिसके जरिए देशभर में सट्टा संचालित किया जा रहा था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस हिमाचल के परवाणू पहुंची और यहां से चलाए जा रहे संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 7 लैपटॉप, 2 आईपैड, 48 मोबाइल फोन, 9 एटीएम कार्ड और कई बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। जब्त किए गए उपकरणों की कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह अलग-अलग ब्रांच लिंक बनाकर देशभर में ऑनलाइन सट्टा फैला रहा था।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है, जबकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
यह भी पढ़ें : HRTC बस में फ्री सफर के लिए पुलिसवालों को भी बनवाना होगा कार्ड, नहीं तो कटेगा किराया
इस पूरे मामले ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि आईपीएल जैसे बड़े आयोजन के दौरान अवैध गतिविधियां भी तेजी से बढ़ती हैं। पुलिस ने साफ किया है कि इस तरह के सट्टेबाजी नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।