#अपराध
April 10, 2026
हिमाचल : बोलेरो कैंपर से मिला लाखों का चिट्टा- 5 तस्कर गिरफ्तार, बताया सप्लायर का ठिकाना
तस्करों से लाखों का चिट्टा बरामद
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। ठियोग थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चिट्टा (हेरोइन) की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने लाखों के चिट्टे के साथ 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क की एक अहम कड़ी का भंडाफोड़ किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला जिला शिमला के मतियाना क्षेत्र से सामने आया है। यहां पर पुलिस नशे के खिलाफ गश्त कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि मतियाना क्षेत्र में एक बोलेरो कैंपर के जरिए कुछ लोग मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी जांच शुरू की। तलाशी लेने पर युवकों के कब्जे से पुलिस ने 34.440 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया। वाहन में सवार चार युवकों को हिरासत में लिया गया।
इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की और साथ ही तकनीकी जांच भी की। जांच के दौरान इस तस्करी नेटवर्क के मुख्य सप्लायर के बारे में अहम जानकारी सामने आई। मुख्य सप्लायर तक पहुंचने के लिए पुलिस की एक स्पेशल टीम का गठन किया गया, जिसने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पंजाब के मानसा जिले से गिरफ्तार कर लिया और उसे ठियोग लाया गया।
सप्लायर की पहचान शिवदेव सिंह उम्र 30 साल निवासी जिला मानसा, पंजाब के रूप में हुई।
यह भी पढ़ें : HRTC बस में फ्री सफर के लिए पुलिसवालों को भी बनवाना होगा कार्ड, नहीं तो कटेगा किराया
इस मामले में पुलिस ने थाना ठियोग में NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है और पुलिस द्वारा उनका रिमांड लिया जा रहा है ताकि उनसे और पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लिंक और संभावित तस्करों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा और इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।