शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब एक महीने से लापता चल रहे 48 वर्षीय व्यक्ति का शव जंगल में पेड़ से लटका हुआ मिला। शव मिलने की सूचना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। 

बड़मैन धार के जंगल में मिला शव

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला शिमला के  सुन्नी क्षेत्र का है। यहां  बड़मैन धार के जंगल से कुछ लोग गुजर रहे थे। तभी उनकी नजर पेड़ पर पड़ी नजदीक जाकर देखा तो एक युवक की लाश पेड़ से लटकी हुई है। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। 

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस ने तोड़ी नशा तस्कर की कमर : काले धन से बनाई लाखों की संपत्ति को किया फ्रीज

मौके पर पहुंची पुलिस 

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जंगल के एक ढांक वाले क्षेत्र में देवदार के पेड़ की टहनी से रस्सी के सहारे एक शव लटका हुआ मिला। शव काफी पुराना होने के कारण उसकी हालत खराब हो चुकी थी।  मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे क्षेत्र की जांच की और शव के आसपास मौजूद चीजों को कब्जे में लिया। पुलिस ने रस्सी, कपड़ों और शारीरिक बनावट के आधार पर आशंका जताई कि यह शव सुन्नी क्षेत्र से लापता हुए व्यक्ति का हो सकता है।

लापता व्यक्ति के रूप में हुई पहचान 

शव मिलने के बाद मृतक के पिता नील चंद, भाई इन्द्र और गांव के अन्य लोगों को मौके पर बुलाया गया। परिजनों ने शव की पहचान लापता व्यक्ति के रूप में की। पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को पेड़ से नीचे उतारा।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के 154 सरकारी स्कूलों की भद पिटी! रिपोर्ट ने चौंकाया- छात्राएं नहीं सुरक्षित

21 मई से लापता था व्यक्ति 

जानकारी के अनुसार प्रेम प्रकाश निवासी गांव जुब्बड़, डाकघर दुर्गापुर, तहसील सुन्नी, जिला शिमला की गुमशुदगी की रिपोर्ट 21 मई 2026 को पुलिस थाना सुन्नी में दर्ज करवाई गई थी। इसके बाद से पुलिस और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।

करीब एक महीने पहले मौत होने की आशंका

पुलिस के अनुसार शव की स्थिति को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि व्यक्ति की मौत करीब एक महीने पहले हुई होगी। इसके बाद शव को सुन्नी नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां उसे पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखा गया है। 

यह भी पढ़ें- HRTC कर्मियों की हड़ताल पर सुक्खू सरकार का एक्शन- लगाया एस्मा, नई भर्तियों का ऐलान

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

पुलिस का कहना है कि अभी तक मौके पर मौजूद परिजनों या अन्य लोगों ने किसी तरह का शक जाहिर नहीं किया है। शुरुआती जांच में मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।