मंडी। हिमाचल प्रदेश में जहां एक तरफ युवा कड़ी मेहनत कर सरकारी नौकरी पाने का सपना देखते हैं, वहीं कुछ लोग फर्जी दस्तावेजों के सहारे सिस्टम को चकमा दे रहे हैं। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला जिला मंडी से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने खुद को गुज्जर समुदाय का बताकर न सिर्फ सरकारी नौकरी हासिल की, बल्कि डिप्टी रेंजर जैसे अहम पद तक पहुंच गया।

खुद को गुज्जर बताकर सरकारी नौकरी में लिया बड़ा पद 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला मंडी से सामने आया है। यहां पर  प्रकाश चंद ने खुद को गुज्जर (ST) बताकर नौकरी में फायदा उठाया था। वह साल 1983 में वन निगम में एक साधारण कर्मचारी (टिम्बर वाचर) के तौर पर भर्ती हुआ था। बाद में 1991 में उसने एक प्रमाण पत्र लगाया, जिसमें खुद को गुज्जर बताया। इसी आधार पर उसकी नौकरी पक्की हो गई और धीरे-धीरे प्रमोशन लेकर वह डिप्टी रेंजर तक पहुंच गया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस के हत्थे चढ़े दो युवक : ढेर सारी कैश और चिट्टा बरामद, टैक्सी से निकले थे डील करने

जीत राम ने दी शिकायत 

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब काफलोग निवासी जीत राम ने इसकी शिकायत की। शिकायत के बाद मामले की जांच SDM सरकाघाट से करवाई गई। जांच में जो सच्चाई सामने आई, वह हैरान करने वाली थी।

फर्जी प्रमाण पत्र का किया इस्तेमाल 

पता चला कि प्रकाश चंद असल में राजपूत जाति से संबंध रखता है, जबकि उसने खुद को गुज्जर बताकर फर्जी प्रमाण पत्र का इस्तेमाल किया। इतना ही नहीं, जिस क्रम संख्या का प्रमाण पत्र उसने विभाग में जमा किया था, वह रिकॉर्ड के अनुसार बर्फी देवी नाम की महिला के नाम पर जारी हुआ था।

यह भी पढ़ें : टोल टैक्स हंगामे के बाद बैकफुट पर सुक्खू सरकार- HP नंबर को बड़ी राहत, बाहरी के भी घटाए रेट

प्रमाण पत्र पर किए गए भी हस्ताक्षर फर्जी

जांच के दौरान तत्कालीन कार्यकारी मैजिस्ट्रेट ने भी कोर्ट में गवाही दी कि उस प्रमाण पत्र पर किए गए हस्ताक्षर उनके नहीं हैं, यानी सर्टिफिकेट पूरी तरह फर्जी था। इससे साफ हो गया कि आरोपी ने सोची-समझी साजिश के तहत गलत दस्तावेजों का इस्तेमाल किया।

सरकारी विभाग को किया गुमराह

सुनवाई के दौरान आरोपी पक्ष ने यह दलील दी कि उसके खिलाफ पर्याप्त सबूत नहीं हैं, लेकिन अदालत ने इस तर्क को सिरे से खारिज कर दिया। कोर्ट ने माना कि आरोपी ने जानबूझकर फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर सरकारी विभाग को गुमराह किया और आरक्षित वर्ग के लिए मिलने वाले लाभ उठाए।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में शराब की बोतल बोलेगी अपना दाम! QR कोड से खुलेगा राज, वसूली का खेल होगा खत्म

 3 साल की सजा और जुर्माना

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश की अदालत ने आरोपी की अपील खारिज करते हुए निचली अदालत द्वारा सुनाई गई 3 साल की सजा और जुर्माने को बरकरार रखा। अदालत ने साफ कहा कि नियमों का उल्लंघन कर इस तरह नौकरी हासिल करना और प्रमोशन लेना पूरी तरह गैरकानूनी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।