सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के परवाणू में एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने पुलिस और स्थानीय लोगों को उलझा कर रख दिया है। करालघाट के घने जंगलों में एक युवक और युवती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले हैं। इस घटना की गुत्थी इसलिए उलझ गई है क्योंकि जहां युवक का शव पेड़ से फंदे पर लटका था, वहीं युवती का शव जमीन पर लहूलुहान हालत में पड़ा मिला।

जंगल में एक फंदे पर, दूसरी जमीन पर

घटना सोमवार शाम की है। भोजनगर गांव के समीप करालघाट देवता मंदिर के पास एक वाहन चालक अपनी गाड़ी रोककर दर्शन करने गया था। जैसे ही उसकी नजर जंगल की ओर गई, उसके होश उड़ गए। उसने देखा कि एक युवक पेड़ से लटका हुआ है। जब वो थोड़ा और पास गया तो उसने पास ही जमीन पर एक युवती को भी पड़ा हुआ देखा। युवती के नाक और मुंह से खून निकल रहा था जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: पेड़ से झूलता मिला लापता व्यक्ति, 3 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया- पत्नी रहती थी अलग

 

सूचना मिलते ही परवाणू पुलिस और DSP मौके पर पहुंचे। जांच में मृतक युवक की पहचान 22 वर्षीय करण (निवासी खील को मोड़, सोलन) के रूप में हुई जबकि युवती की पहचान 20 वर्षीय याशिका लामा (निवासी देउंघाट, मूल निवासी नेपाल) के तौर पर की गई है।

हेलमेट व खून के निशान: हत्या या आत्महत्या ?

पुलिस के लिए सबसे बड़ी पहेली युवती की स्थिति है। युवती के सिर पर हेलमेट लगा हुआ था और उसके चेहरे पर खून के निशान थे। आमतौर पर आत्महत्या के मामलों में इस तरह की स्थिति कम ही देखने को मिलती है। यही कारण है कि पुलिस इस मामले को दो एंगल से देख रही है:


प्रेम प्रसंग और सुसाइड: क्या दोनों ने साथ जान देने का फैसला किया ?
हत्या और सुसाइड: क्या युवक ने पहले युवती की हत्या की और फिर खुद फंदे से झूल गया या फिर यह किसी तीसरे पक्ष की साजिश है ?

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में मौसम का यू-टर्न: बढ़ते तापमान के बीच हुई बर्फबारी- गर्म कपड़े निकालने को मजबूर लोग

(FSL) की टीम ने जुटाए सबूत

मामले की गंभीरता को देखते हुए जुन्गा से फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट्स और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। SP ने बताया कि पुलिस हर पहलू की बारीकी से तफ्तीश कर रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है जिससे मौत के सही समय और कारणों का पता चल सके।

इलाके में दहशत का माहौल

करालघाट का ये इलाका काफी घना है और यहां शवों का इस तरह मिलना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। युवक और युवती दोनों ही कम उम्र के थे, जिससे उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास के मोबाइल टावर डंप और CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि ये पता चल सके कि वे वहां कब और किसके साथ पहुंचे थे।