कुल्लू। हिमाचल प्रदेश का कुल्लू जिला अब धीरे-धीरे अपराधियों के छिपने की पसंदीदा जगह बनता जा रहा है। ताजा मामले में दिल्ली पुलिस ने एक हत्या के आरोपी को यहां से गिरफ्तार किया है, जो काफी समय से फरार चल रहा था और पुलिस से बचने के लिए कुल्लू में छिपा हुआ था। 

कुल्लू से पकड़ा गया आरोपी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कुल्लू के से सामने आया है। यहां पर एक दिल्ली का रहने वाला व्यक्ति जिसकी उसकी छवि पहले से ही एक आदतन अपराधी की रही है और आंबेडकर नगर थाने में उसे खराब चरित्र वाले व्यक्ति के तौर पर दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे 27 अप्रैल को कुल्लू से पकड़ लिया। 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज : पहचान बढ़ाने में जुटे उम्मीदवार, पहुंच रहे घर-घर

आरोपी की पहचान

अभिषेक उर्फ भोला उर्फ करण जो दिल्ली के मदनगीर इलाके का रहने वाला है। 

 गोलीबारी में एक युवक की मौत 

यह मामला 9 मार्च का है, जब दिल्ली के मदनगीर के जी-ब्लॉक स्थित भूमिया चौक के पास अचानक फायरिंग की घटना हुई थी। इस गोलीबारी में निखिल नागर नाम के युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो सामने आया कि इस वारदात को अभिषेक ने अपने साथी राहुल उर्फ इशू के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस पहले ही राहुल को गिरफ्तार कर चुकी थी, लेकिन अभिषेक वारदात के बाद से ही फरार हो गया था।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में कार से मिला 1 किलो चिट्टा : पुलिस ने 15 पैकेट संग तीन युवकों को किया गिरफ्तार

भाई की मौत का लेना था बदला 

जांच के दौरान यह भी पता चला कि यह हत्या किसी अचानक हुए विवाद का नतीजा नहीं थी, बल्कि इसके पीछे कई साल पुरानी दुश्मनी थी। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच साल 2016 से रंजिश चली आ रही थी। इसके बाद साल 2021 में अभिषेक के भाई कुणाल की हत्या हो गई थी, जिसमें निखिल नागर का नाम भी सामने आया था। इसी घटना के बाद अभिषेक के मन में बदले की भावना और बढ़ गई थी।

हत्या के बाद बदलता रहा ठिकाना

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभिषेक ने अपने भाई की मौत का बदला लेने के लिए पूरी प्लानिंग के साथ निखिल की हत्या की साजिश रची थी। इसके लिए उसे एक साथी से आर्थिक मदद भी मिली थी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहा, ताकि पुलिस की पकड़ से दूर रह सके।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में सरकारी शिक्षक को 6 साल की जेल : स्कूली छात्रा के साथ किया था गंदा काम

 बस स्टैंड के पास से दबोचा आरोपी

दिल्ली पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी हिमाचल प्रदेश के कुल्लू इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की और आखिरकार न्यू मनाली बस स्टैंड के पास उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे दिल्ली लाया गया, जहां आगे की पूछताछ की जा रही है।

आरोपी पर दर्ज है 18 मामले 

पुलिस रिकॉर्ड की बात करें तो अभिषेक कोई छोटा-मोटा अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ दिल्ली के अलग-अलग थानों में करीब 18 मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या की कोशिश, लूट, सरकारी कर्मचारियों पर हमला और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। इतना ही नहीं, कई मामलों में वह पहले से ही फरार चल रहा था।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में आज आंधी-तूफान के साथ होगी तेज बारिश, कई जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी

पुलिस कर रही साथियों की पहचान

फिलहाल पुलिस उसके अन्य साथियों की पहचान करने और इस मामले से जुड़े बाकी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कुल्लू में उसे कौन लोग शरण दे रहे थे और क्या उसके किसी स्थानीय नेटवर्क से भी संबंध थे।