#यूटिलिटी
May 3, 2026
हिमाचल में आज आंधी-तूफान के साथ होगी तेज बारिश, कई जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी
लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। एक ओर जहां तेज आंधी, बारिश और तूफान का सिलसिला जारी है।
वहीं, दूसरी ओर कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया,-जिसमें चार शिक्षकों की जान चली गई। यह घटना मौसम की गंभीरता को और अधिक उजागर करती है।
शनिवार को राजधानी शिमला में दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदला। तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में भी मौसम ने असर दिखाया, जहां हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बीते 24 घंटों के दौरान सराहन में सबसे अधिक 18.5 मिमी वर्षा दर्ज हुई, जबकि सांगला, सियोबाग और भाभानगर जैसे क्षेत्रों में भी बारिश देखने को मिली।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, आने वाले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम खराब बना रह सकता है। विभाग ने 3, 4 और 5 मई के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, तेज आंधी और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। विशेष रूप से मध्य और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इसका प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगले 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। मगर उसके बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री और अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट संभव है। 6 और 7 मई को भी कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश जारी रह सकती है, जबकि 8 मई से मौसम के साफ होने के संकेत मिल रहे हैं।
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, कमजोर ढांचों और पेड़ों से दूर रहने तथा बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले स्थानों पर न रुकने की सलाह दी गई है। बदलते मौसम और हालिया हादसे को देखते हुए यह समय सतर्कता बरतने का है, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।