कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा से एक हैरान और चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां शराब के नशे में एक व्यक्ति ने पंचायत के उपप्रधान को फोन कर गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी दे डाली।  इस घटना के बाद उपप्रधान काफी डरे हुए हैं। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाकर अपनी और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

नशे में फोन कर उपप्रधान को दी धमकी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के गंदड़ पंचायत से सामने आया है। शिकायत में उपप्रधान ने बताया कि 23 अक्तूबर की रात सुनील मिश्रा ने कथित तौर पर नशे की हालत में उन्हें फोन किया। इस दौरान युवक ने फोन पर गाली-गलौच की और घर आकर उन्हें काट डालने की धमकी दी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : अस्पताल के पास पड़ा मिला युवक- रुक चुकी थीं सांसें, ओव-रडोज का शक

उपप्रधान का कहना है कि वह घर पर अपनी बुजुर्ग मां के साथ अकेले रहते हैं। पंचायत के कामों के चलते उन्हें अक्सर घर से बाहर भी जाना पड़ता है। ऐसे में उन्हें डर है कि उनके साथ कोई अनहोनी हो सकती है।

एक सप्ताह बाद भी कार्रवाई न होने का आरोप

शशि भूषण मिश्रा का आरोप है कि पुलिस में शिकायत देने के एक सप्ताह बाद भी मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि धमकी मिलने के बाद से वह और उनका परिवार डरे हुए हैं। उन्होंने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : दिवाली पर घर चमकाने लगी महिला, चूने में पानी मिलाते ही हुआ जोरदार धमा**का- चेहरे पर...

पुलिस बोली- दोनों पक्षों के लिए जा रहे हैं बयान

वहीं, पुलिस चौकी आलमपुर के प्रभारी नरिन्द्र शांडिल ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के अलग-अलग बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश भी की, लेकिन दोनों पक्ष एक साथ बैठने के लिए तैयार नहीं हैं। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।