हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में गाड़ियां चोरी करने और दुकानों व शराब के ठेकों में सेंधमारी कर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का हमीरपुर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जम्मू में दबिश देकर गिरोह के दो अन्य सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने जम्मू में छिपने के ठिकानों पर दी दबिश
जानकारी के अनुसार हमीरपुर सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह राणा की अगुवाई में पुलिस टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के जम्मू में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने जम्मू में दबिश दी और दो आरोपियों को उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक आरोपी को राजौरी से पकड़ा गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: देर रात घर के आँगन में धड़ाम से गिरी थार, नीचे दबा 28 वर्षीय युवक- हुई मौ*त
सिर्फ तीन दिनों में कई जिलों में की चोरी की वारदातें
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी 6 जून को जम्मू से बस के जरिए हिमाचल पहुंचे थे। हिमाचल पहुंचते ही उन्होंने पालमपुर क्षेत्र को निशाना बनाया। उसी रात आरोपियों ने पालमपुर से एक वैगनआर कार चोरी कर ली और चोरी की गाड़ी लेकर कुल्लू की तरफ निकल गए।
कुल्लू से लौटते समय शराब के ठेके को बनाया निशाना
7 जून को जब आरोपी कुल्लू से वापस लौट रहे थे तो रात के समय उन्होंने मंडी जिले के पंडोह क्षेत्र में एक शराब के ठेके का शटर तोड़ दिया। वहां से उन्होंने नकदी और महंगी शराब की बोतलें चोरी कर लीं। इसके बाद चोरी की गई गाड़ी में सवार होकर आरोपी आगे बढ़ते रहे और लगातार नई वारदातों को अंजाम देते रहे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : HT लाइन की चपेट में आने से झुलसा 22 वर्षीय पेंटर, नहीं बच पाया बेचारा
हमीरपुर में ट्रैफिक पुलिस को चकमा देकर फरार
8 जून को आरोपी चोरी की वैगनआर कार लेकर हमीरपुर पहुंचे। यहां ट्राला स्टैंड के पास ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस जवान ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन शातिर आरोपी पुलिस को चकमा देकर गाड़ी लेकर फरार हो गए। इसके बाद आरोपियों ने हमीरपुर बाईपास पर एक कारोबारी की गाड़ी भी चोरी कर ली।
एक ही रात में दो जिलों में की चोरी
पुलिस के मुताबिक कारोबारी की चोरी की गई गाड़ी में बैठकर यह गिरोह आगे बढ़ा। उसी रात आरोपियों ने नादौन क्षेत्र में एक शराब के ठेके का शटर तोड़कर नकदी और शराब चोरी की। इसके बाद कांगड़ा जिले में भी एक शराब के ठेके को निशाना बनाया गया। यहां से भी आरोपियों ने नकदी और कई महंगी शराब की बोतलें चोरी कर लीं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : महिला साथी के साथ चिट्टा सप्लाई करने पहुंचे थे 3 पंजाबी, होटल के पास हुए गिरफ्तार
कांगड़ा, मंडी और हमीरपुर में फैला रखा था नेटवर्क
जांच में पता चला है कि यह गिरोह सिर्फ एक जिले तक सीमित नहीं था। आरोपियों ने हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, मंडी और हमीरपुर सहित कई अन्य क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। गिरोह के सदस्य गाड़ियां चोरी कर उनका इस्तेमाल आगे की वारदातों में करते थे और फिर चोरी का सामान लेकर दूसरे इलाकों में निकल जाते थे।
आरोपियों की पहचान
इस पूरे मामले में अब तक पुलिस तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए सभी आरोपी जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के रहने वाले हैं। इनकी पहचान आसिफ महमूद (19) पुत्र अब्दुल मजीद निवासी घराट, जफर हुसैन (31) पुत्र अब्दुल हुसैन निवासी पनैहड़ और आसिफ खान (24) पुत्र मुहम्मद बशीर निवासी डांगरी के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा झटका : बिजली उपभोक्ताओं पर थोप दिया फ्यूल चार्ज, आम आदमी परेशान
अन्य साथियों की तलाश में जुटी पुलिस
ASP राजेश उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट ने सभी आरोपियों को सोमवार तक पुलिस रिमांड पर भेजा है। उन्होंने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में चोरी की कई अन्य बड़ी वारदातों का खुलासा हो सकता है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंच बनाई जा सकती है।
