सिरमौर। हिमाचल  प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब के संतोषगढ़ क्षेत्र में रविवार को शामलात भूमि विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो गुटों के बीच हुई इस हिंसक भिड़ंत में डंडे, पत्थर और धारदार हथियार तक चले। मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस तक को मौके पर पहुंचना पड़ा। मगर दोनों ही पक्षों पर खून इस कद्र सवार था कि वे तब भी लड़ते रहे। 

15 लोग गंभीर घायल

 महिलाओं समेत करीब 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए पांवटा साहिब सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो ने भी लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

 

यह भी पढ़ें : धर्मशाला IPL मैच पर बारिश का खतरा, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी- तूफान ने बढ़ाई टेंशन

बिजाई को लेकर शुरू हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार विवाद उस समय भड़का जब एक पक्ष ने कथित तौर पर अपने कब्जे वाली शामलात भूमि पर बिजाई शुरू कर दी। दूसरे पक्ष ने इसका विरोध करते हुए उन्हें रोकने की कोशिश की। देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई और दोनों पक्ष हथियारों के साथ आमने-सामने आ गए।

पत्थर, डंडे और गंडासियों से हमला

वायरल वीडियो में कई लोग एक-दूसरे पर ईंटें, पत्थर और गंडासियों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। घटना में महिलाओं समेत कई लोग घायल हुए हैं। अस्पताल में भर्ती घायलों का उपचार जारी है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: 10वीं में कंपार्टमेंट आने से टूट गया 15 वर्षीय अमन, रिजल्ट देख उठाया गलत कदम- हुई मौ*त

“जमीन का बंटवारा नहीं हुआ था”

दूसरे पक्ष का दावा है कि जमीन का अभी तक आधिकारिक बंटवारा नहीं हुआ था और प्रशासन की मौजूदगी में ही किसी तरह का कार्य करने की बात तय हुई थी। बताया जा रहा है कि इस जमीन को लेकर दोनों पक्षों में पहले भी तनाव हो चुका था, लेकिन समय रहते स्थायी समाधान नहीं निकल पाया।

पुलिस के सामने भी भिड़ते रहे दोनों पक्ष

हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम के सामने भी दोनों गुट एक-दूसरे पर हमला करते रहे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है। एसपी सिरमौर एन.एस. नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें